सीतापुर जिला अस्पताल में पहुंचे बृजेश पाठक, अवैध वसूली की शिकायत पर डॉक्टरों को लगाई फटकार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शनिवार को सीतापुर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, लेकिन निरीक्षण के दौरान सामने आईं कई खामियों ने अधिकारियों की पोल खोल दी।
पर्चा बनवाने के लिए मरीजों से ली जा रही थी अवैध वसूली
डिप्टी सीएम सबसे पहले पर्चा काउंटर पहुंचे, जहां मरीजों ने बताया कि उनसे पर्चा बनवाने के बदले 50-50 रुपये वसूले जा रहे हैं। यह सुनते ही ब्रजेश पाठक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब मांगा, लेकिन कोई भी अधिकारी कुछ बोल नहीं पाया और सब चुप्पी साध गए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने देखा कि पैथोलॉजी विभाग का गेट बंद था और आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी) में एसी चालू नहीं था। इस पर उन्होंने जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने एक बीमार बच्चे को तुरंत चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती करने के निर्देश भी मौके पर दिए।
मूर्ति अनावरण के दौरान लगी चोट, डॉक्टर ने किया उपचार
बाद में, डिप्टी सीएम ने आंख अस्पताल चौराहे पर रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया। अनावरण के दौरान उनके हाथ में कील लग गई, जिसके बाद डॉ. गौरव मिश्रा ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
मीडिया से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सीतापुर को स्वास्थ्य सेवाओं में प्रदेश में अव्वल बनाया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों के खाली पद जल्द भरे जाएंगे। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी शासन को रिपोर्ट भेजेगी।
पानी की टंकी गिरने और कोरोना पर भी बोले डिप्टी सीएम
महमूदाबाद में पानी की टंकी गिरने की घटना पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जिनकी भी लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोरोना संक्रमण को लेकर उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। “इस बार कोरोना केवल सर्दी, जुकाम और हल्के बुखार तक सीमित है। अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट सक्रिय हैं और **दवाओं तथा अन्य सुविधाओं की कोई कमी नहीं है।”
Also Read: Bareilly: नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पांच शातिर गिरफ्तार

