‘10 मुस्लिम लड़कियों को उठा लाओ, नौकरी का इंतजाम करेंगे’, पूर्व MLA राघवेंद्र प्रताप का विवादित बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: एक तरफ जहां पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ आधी आबादी को उनका हक दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। तभी मिशन शक्ति जैसी कई योजनाओं की नींव रखी गयी। इसके बावजूद उन्ही की सत्ताधारी पार्टी भाजपा के नेता खुलेआम महिलाओं के लिए बदजुबानी पर उतारू हैं।
"10 मुस्लिम लड़कियों को लाओ, नौकरी का इंतज़ाम मैं करूंगा"
यह शर्मनाक बयान भाजपा के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भरी जनसभा में दिया है।
धर्म के नाम पर नफरत फैलाना, समाज को तोड़ना और बेरोजगार युवाओं को भटकाना, यही भाजपा की असली राजनीति बन चुकी है।
जब रोजगार, शिक्षा और… pic.twitter.com/4WvEGmk8w2
— UP Congress (@INCUttarPradesh) October 27, 2025
दो दिन पहले पूर्व विधायक संगीत सोम ने भी दिया था विवादत बयान
ताजा प्रमाण भाजपा के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह हैं। जिन्होंने मुस्लिम लड़कियों को उठा लाने के बदले युवाओं को नौकरी देने जैसा विवादास्पद बयान देकर भाजपा की एक बार फिर फजीहत कराई है। जिसके बाद विपक्ष भी हमलावर है। हालांकि राघवेंद्र नफरती बयान देने वाले पहले नेता नहीं हैं। दो दिन पहले ही पूर्व विधायक संगीत सोम ने भी कहा था कि बुर्के की आड़ में आतंकवाद फलफूल रहा है। अभी तक भाजपा ने अनुशासन तोडऩे वाले इन नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं की है।

सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज से भाजपा के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह की भवानीगंज थाना क्षेत्र के धनखरपुर गांव में 16 अक्टूबर को जनसभा थी। इसी दौरान उनके विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में पूर्व विधायक हिंदू लडक़ों से मुस्लिम लड़कियों को उठाकर लाने की बात कह रहे हैं। ख़ास बात ये है कि भाजपा नेता को विवादित बयान पर कोई पछतावा भी नहीं है।

विवादित बयानबाजी का वीडियो वायरल
पूर्व विधायक ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे समाज की दो लड़कियां वो ले गए, तुम मुसलमानों की 10 लड़कियां लाओ। दो पर 10 से कम मंजूर नहीं हैं और ये घोषित करते हैं जो यह लेकर आएगा, उसके खाने-पीने, नौकरी का इंतजाम हम करेंगे। लेकिन जो यह दो गई हैं, वह हमें पच नहीं रही हैं। मुसलमानों सुन लो, यह हमें पच नहीं रहा है और इसका बदला कुछ भारी होना ही होना है। सिंह ने हिंदू युवाओं से मुस्लिम महिलाओं से शादी करने और उन्हें हिंदू में धर्मांतरण कराने की अपील की। भाजपा के पूर्व विधायक की विवादित बयानबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद आम जनता भी यूपी सरकार से कार्रवाई की मांग कर रही है। इससे पहले कर्नल सोफिया को लेकर भी मध्य प्रदेश के मंत्री ने ओछी बयानबाजी करके देशभर में भाजपा की फजीहत कराई थी।
नफरती बयान से गंगा-जमुनी तहजीब को ठेस: आप
आप सांसद संजय सिंह ने वायरल वीडियो पर कहा कि ऐसा विवादास्पद बयान गंगा-जमुनी तहजीब को ठेस पहुंचाने के साथ हिंदू धर्म की मर्यादा का भी अपमान है। भाजपा अब हिंदू धर्म को बदनाम करने पर उतर आई है। क्या पीएम और सीएम ने ऐसे नेताओं को नफरत फैलाने का लाइसेंस दे रखा है?
सौ से अधिक अनुशासनहीन नेताओं को भाजपा ने दिखाया बाहर का रास्ता, फिर भी नहीं सुधर रहे हालात
पिछले आठ वर्षों में भाजपा ने सौ से अधिक नेताओं को अनुशासनहीनता के चलते बाहर का रास्ता दिखाया है। इनमें स्थानीय स्तर के नेताओं से लेकर बड़े चेहरे तक शामिल हैं। इसके बावजूद नेताओं के विवादित बयान, आपराधिक गतिविधियां और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसके बाद भाजपा ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए नए सिरे से प्रशिक्षण और प्रबोधन कार्यक्रम शुरू करने का फैसला किया था। लेकिन भाजपा नेताओं की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा। कई नेताओं के जहां महिलाओं संग अश्लील वीडियो वायरल हुए तो कई बार नफरती बयान उन्हें भारी पड़े। पार्टी नेतृत्व की अनुशासन की दुहाई इन नेताओं को रास नहीं आ रही है।
Also Read: यूपी में मौसम का यू-टर्न: ‘मोंथा’ चक्रवात से लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश, 5°C तक गिरा पारा


