अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में गोलीबारी, दो की मौत, आठ घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य में स्थित प्रतिष्ठित ब्राउन यूनिवर्सिटी के परिसर में शनिवार शाम एक भीषण गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हालाँकि, प्रोविडेंस शहर के मेयर ब्रेट स्माइली ने आशंका जताई है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजकर 5 मिनट पर हुई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी काले कपड़े पहने हुए था और पैदल ही घटनास्थल से भागा।

पुलिस ने जाँच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उसका घटना से कोई संबंध न पाए जाने पर उसे रिहा कर दिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र, ब्राउन यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में लोगों को अभी भी घरों के अंदर रहने (Shelter-in-Place) की चेतावनी लागू की गई है। इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें गोलीबारी की पूरी जानकारी दे दी गई है और वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Also Read: Lucknow News: जांच के घेरे में नदवा कॉलेज, विदेशी नागरिक को ठहराने और सूचना छिपाने पर सीनियर अधिकारियों पर FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.