UP News: फतेहपुर में युवक की नृशंस हत्या, मंत्री आशीष पटेल बोले- ‘दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा’

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद फतेहपुर के थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम लहुरी सराय से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है।

गांव निवासी श्री कालीचरन पटेल की एक आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति ने डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

घटना के बाद इलाके में आतंक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

मंत्री आशीष पटेल का तीखा बयान – “यह अमानवीयता की पराकाष्ठा है”

 

Ashish Patel

घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने इस नृशंस हत्या पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने इसे “अमानवीयता की हद” बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती हैं।

मंत्री ने प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा, “गुनहगार को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को पूरा न्याय दिलाया जाएगा।”

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी

मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

परिजनों की मांग- हो सख्त सजा

मृतक के परिजनों ने घटना को पूर्व नियोजित हत्या करार देते हुए कहा कि आरोपी पहले भी गांव में डर और दहशत फैलाता रहा है। उन्होंने प्रशासन से त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।

शांति बनाए रखने की अपील

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

आपको बतादें कि उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही हिंसक घटनाएं एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। फतेहपुर की यह घटना भी प्रशासन और सरकार के लिए एक कड़ी परीक्षा मानी जा रही है।

Also Read: UP Politics: ‘ब्राह्मण के बिना नहीं…’, इटावा कथा विवाद पर बोले ओपी राजभर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.