बजट 2026: यूपी की झोली में गिरे बड़े प्रोजेक्ट्स; हाई-स्पीड रेल से लेकर AI सिटी तक, जानें आपके लिए क्या है खास

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में अपना लगातार 9वां बजट पेश किया और इस बार के पिटारे से उत्तर प्रदेश के लिए संभावनाओं की एक नई दुनिया निकली है। यह बजट केवल आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वाराणसी और लखनऊ जैसे शहरों को वैश्विक स्तर पर चमकाने के साथ-साथ सरकार ने गांव, गरीब और महिलाओं का भी पूरा ख्याल रखा है।

आइए, 6 प्रमुख बिंदुओं में समझते हैं कि इस बजट से यूपी की तस्वीर कैसे बदलने वाली है:

वाराणसी को रफ़्तार और आधुनिकता की सौगात

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को इस बजट में विशेष तवज्जो मिली है। शहर को दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की सौगात मिली है, जिससे दिल्ली का सफर मात्र 3 घंटे का रह जाएगा। इसके अलावा, वाराणसी में एक एकीकृत लॉजिस्टिक हब और शिप रिपेयर इकोसिस्टम (जहाज मरम्मत केंद्र) विकसित किया जाएगा। यह कदम बनारस को न केवल धार्मिक पर्यटन बल्कि व्यापारिक गतिविधियों का भी केंद्र बना देगा।

लखनऊ बनेगा देश का ‘AI हब’

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अब तकनीकी क्रांति का चेहरा बनेगी। बजट में लखनऊ में एक अत्याधुनिक AI सिटी (कृत्रिम बुद्धिमत्ता शहर) विकसित करने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही, यूपी में देश का पहला सेमीकंडक्टर डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग पार्क भी बनेगा। यह प्रोजेक्ट न केवल ‘सेमीकंडक्टर मिशन-1.0’ को मजबूती देगा, बल्कि प्रदेश के हजारों तकनीकी युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

‘श्री मार्ट’ और कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल

महिला सशक्तिकरण को जमीन पर उतारने के लिए सरकार ने दो बड़ी घोषणाएं की हैं। ‘लखपति दीदी’ योजना की सफलता के बाद अब ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार दिलाने के लिए ‘श्री मार्ट’ स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा, हर जिले में कामकाजी महिला छात्रावास (Working Women Hostels) बनाए जाएंगे, ताकि छोटे शहरों की बेटियां भी सुरक्षित माहौल में रहकर आत्मनिर्भर बन सकें।

हर जिले में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए यूपी के सभी जिलों में इम्यूनिटी ट्रॉमा सेंटर खोलने का प्रस्ताव है। इसका सबसे बड़ा फायदा सड़क दुर्घटनाओं के समय ‘गोल्डन ऑवर’ में इलाज मिलने के रूप में होगा। साथ ही, कैंसर और डायबिटीज जैसी बीमारियों की दवाओं पर टैक्स घटाकर उन्हें सस्ता किया गया है, जो आम जनता की जेब को बड़ी राहत देगा।

खादी और हस्तशिल्प को ‘ग्लोबल’ पहचान

यूपी की ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल’ शुरू होगी। इसके जरिए बुनकरों और कारीगरों के उत्पादों की ब्रांडिंग वैश्विक स्तर पर की जाएगी। इससे गांव के हुनर को सीधा विदेशी बाजार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

दिव्यांगजनों के लिए ‘दिव्यांग सहारा योजना’

समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने के लिए ‘दिव्यांग सहारा योजना’ का ऐलान किया गया है। इसके तहत कृत्रिम अंग बनाने में AI तकनीक का इस्तेमाल होगा ताकि दिव्यांगजनों को बेहतर और आधुनिक उपकरण मिल सकें। पीएम दिव्याशा केंद्रों को भी अपग्रेड किया जाएगा।

Also Read: ‘भाजपा कर रही है वोट चोरी का षड्यंत्र’, लखनऊ की महापंचायत में बोले अविनाश पाण्डेय और अजय राय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.