Bulandshahar News: बीजेपी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख की गला रेतकर निर्मम हत्या, CCTV फुटेज की DVR भी उठा ले गए आरोपी

Sandesh Wahak Digital Desk: बुलंदशहर जिले में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद चौधरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

उनका शव खून से लथपथ हालत में उनके ही कार्यालय के अंदर बेड पर पाया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऑफिस से मिला शव, CCTV की DVR भी गायब

यह घटना बुलंदशहर के जाहिदपुर कला गांव की है। 49 वर्षीय विनोद चौधरी रविवार रात अपने कार्यालय में सोने गए थे। सोमवार सुबह जब लोग पहुंचे तो उनका शव खून से सना हुआ मिला।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की DVR भी गायब कर दी गई है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है।

पुलिस ने किया घटनास्थल सील, जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्यालय और आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

एसपी दिनेश कुमार सिंह ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को हर एंगल से जांच के निर्देश दिए।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे आपसी रंजिश का मामला माना है, लेकिन फिलहाल सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ थे आपराधिक मुकदमे

जानकारी के अनुसार, विनोद चौधरी खुर्जा और जेवर ब्लॉक से पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके थे। उनके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे भी दर्ज थे।

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं पुरानी दुश्मनी या कारोबारी विवाद तो हत्या का कारण नहीं बना।

परिवार दिल्ली में, कार्यालय में ही रहते थे विनोद चौधरी

विनोद चौधरी के बड़े भाई सुधीर चौधरी ने बताया कि विनोद अक्सर अपने कार्यालय में ही रहते थे और अधिकतर समय वहीं बिताते थे।

उनका परिवार दिल्ली में निवास करता है। रविवार रात भी वह कार्यालय में अकेले ही थे।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्या का खुलासा किया जाएगा। हत्या के तरीके और DVR गायब किए जाने से मामला बेहद संगीन प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों है।

Also Read: Siddharthnagar News: युवक की निर्मम हत्या का खुलासा, दो हत्यारे गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग बना वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.