Bulandshahar News: ‘मां, मैंने उसे मार दिया’, छेड़छाड़ से परेशान बहन ने किया छोटे भाई का कत्ल
Bulandshahar News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बहन ने अपने ही छोटे भाई की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बहन ने निजी अस्पताल में कार्यरत अपनी मां के पास जाकर अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने देर शाम आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
मां को बताई हत्या की बात
यह घटना नगर कोतवाली इलाके की एक कॉलोनी में हुई। यहां झुग्गी-झोपड़ी डालकर रहने वाली एक महिला के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा था। मां एक अस्पताल में साफ-सफाई का काम करती थीं। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे उनकी शादीशुदा बेटी (26) उनके पास पहुंची और कहा कि उसने अपने भाई (22) की हत्या कर दी है और उसका शव कमरे में पड़ा हुआ है। यह सुनकर मां बदहवास होकर बेटी के साथ घर पहुंचीं। घर में बेटे का शव देखकर वह चीख पड़ीं, जिससे मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। इस बीच, आरोपी बेटी वहां से फरार हो गई।
नशे में छेड़छाड़ से तंग आकर किया कत्ल
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। मृतक के गले पर किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे। देर शाम पुलिस ने आरोपी बहन को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका भाई नशे की हालत में उसके घर पहुंचा था और उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश करने लगा। जब उसने विरोध किया तो भाई ने हाथापाई शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए उसने वहां रखा चाकू उठा लिया, लेकिन छीना-झपटी में उसने भाई की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
‘मेरा तो संसार ही लूट लिया’
बेटे के शव के पास बैठकर बिलख रही मां का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि उनके पति की पहले ही मौत हो चुकी है और अब बेटी ने उनके इकलौते बेटे को भी मार डाला। वह बार-बार रोते हुए पुलिस से अपनी बेटी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रही थीं। एएसपी नगर ऋजुल कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी बहन ने भाई से विवाद और हाथापाई में चाकू चलने की बात कबूल की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ हो पाएगी।

