बुलंदशहर में बारिश का कहर, दो-मंज़िला मकान गिरने से 9 पशुओं की मौत

Bulandshahr News: बुलंदशहर में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। गुरुवार देर रात, थाना ककोड़ कोतवाली क्षेत्र के नगला गोविंदपुर गाँव में एक दो-मंज़िला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में घर के अंदर बंधे 9 पशुओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के समय मकान मालिक मुमताज मोहम्मद के घर में कुल 12 पशु बंधे हुए थे। मकान गिरते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और जेसीबी की मदद से मलबे में दबे पशुओं को बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी इंसान हताहत नहीं हुआ।

इस घटना के बाद से पूरे गाँव में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश की वजह से कई पुराने और कमज़ोर मकानों पर भी गिरने का खतरा मंडरा रहा है।

बुलंदशहर के एडीएम फाइनेंस अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रशासन को घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि तहसील की टीम मौके पर पहुँचकर हुए नुकसान का जायजा ले रही है और पशुओं के मालिक को ‘आपदा राहत कोष’ से मदद दी जाएगी। एडीएम ने यह भी बताया कि बारिश के कारण शिकारपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति पर पेड़ गिरने से उसकी भी मौत हो गई है, और उसके परिवार को भी राहत राशि दी जा रही है।

Also Read: Bareilly News: फतेहगंज पुलिस ने जाली दस्तावेजों के साथ बांग्लादेशी नागरिक को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.