Bulandshahr News: पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश घायल, साथी भी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बुलंदशहर जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत चल रहे अभियान में पुलिस को एक बार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। गुलावठी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक पंद्रह हजार रुपए का इनामी लुटेरा घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
स्वाट टीम और थाना पुलिस की साझा कार्रवाई
सिकंदराबाद क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी (सीओ) भास्कर मिश्रा ने जानकारी दी कि थाना गुलावठी पुलिस और स्वाट टीम देहात की संयुक्त टीम फ्लाईओवर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। रुकने के इशारे पर उन्होंने भागने की कोशिश की और बरमंदपुर मार्ग पर पुलिस टीम पर गोली चला दी।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ इनामी बदमाश
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान आसिफ पुत्र पप्पू उर्फ युनुस, निवासी ग्राम अजराड़ा, थाना मुडाली, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। वह ₹15,000 का इनामी बदमाश है। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साथी राशिद गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे उसके साथी राशिद पुत्र नौशाद, निवासी रफीक नगर, हापुड़ को पुलिस ने दबोच लिया। दोनों के पास से तमंचा, कारतूस, चाकू और एक बाइक बरामद की गई है।
18 आपराधिक मामलों में नामजद है आसिफ
सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि आसिफ के खिलाफ बुलंदशहर, ग्रेटर नोएडा और मेरठ सहित कई जिलों में लूट और चोरी के 18 मुकदमे दर्ज हैं। गुलावठी थाना क्षेत्र में भी वह दो बार चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: Lucknow News: कैसरबाग में दिल दहला देने वाली वारदात, पुलिस पूछताछ में खुली चौंकाने वाली सच्चाई

