बुलंदशहर: सरकारी दफ्तर बना ‘मयखाना’, रोडवेज ऑफिस में जाम छलकाते बस मालिकों का वीडियो वायरल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) के बुलंदशहर स्थित पुराने बस स्टैंड से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। सरकारी पूछताछ केंद्र (Enquiry Counter), जिसका उपयोग यात्रियों की सहायता के लिए होना चाहिए, वहां अनुबंधित बस मालिकों द्वारा शराब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने परिवहन विभाग की सुरक्षा और अनुशासन की पोल खोल दी है।
पूछताछ केंद्र में ‘मधुशाला’ का नजारा
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि करोड़ों की लागत से बने सरकारी भवन के भीतर बने पूछताछ केंद्र को कुछ लोगों ने शराब का अड्डा बना लिया है। सूत्रों के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति रोडवेज में अनुबंधित (Contractual) बसों के मालिक हैं। शाम ढलते ही सरकारी दफ्तर के मेजों पर शराब की बोतलें सज जाती हैं और नियमों को ताक पर रखकर जाम छलकाए जाते हैं।
सरकारी तंत्र की लापरवाही पर सवाल
एक तरफ प्रदेश सरकार परिवहन निगम को हाई-टेक बनाने और यात्रियों की सुविधा के लिए करोड़ों का बजट जारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर बुलंदशहर रोडवेज के अधिकारी इस ‘खुलेआम उल्लंघन’ से बेखबर नजर आ रहे हैं।
बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर, जहाँ महिलाओं और बच्चों का आना-जाना रहता है, वहां सरकारी दफ्तर में शराब पीना सुरक्षा और नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सरकारी भवन में निजी बस स्वामियों का इस कदर बोलबाला है कि वे दफ्तरों को निजी संपत्ति की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।
कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों में भारी आक्रोश है। लोग अब इस मामले में दोषी बस स्वामियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और लापरवाही बरतने वाले रोडवेज अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Also Read: कुशीनगर: बंद मकान का ताला तोड़ चोरों ने किया हाथ साफ, अनाज से लेकर इन्वर्टर-बैटरी तक उठा ले गए

