श्रावस्ती में चला बुलडोजर, PWD की जमीन से हटाए गए 20 से ज्यादा अवैध कब्जे, करोड़ों की संपत्ति जमींदोज

Sandesh Wahak Digital Desk: श्रावस्ती जनपद मुख्यालय भिनगा में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। बुधवार सुबह PWD (लोक निर्माण विभाग) की जमीन पर बने 20 से ज़्यादा मकानों और दुकानों पर बुलडोजर चलाया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग खौफ में दिखे।

सुबह-सुबह शुरू हुई कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे ही मौके पर पहुंच गई थी। आठ जेसीबी और एक पोकलैंड मशीन की मदद से अवैध निर्माणों को गिराने का काम शुरू किया गया। कार्रवाई की सख्ती देखकर कई दुकानदारों ने तो रात में ही अपनी दुकानें और घर खाली कर दिए थे।

यह कार्रवाई भिनगा के ईदगाह तिराहे के पास की गई। यह इलाका लंबे समय से ट्रैफिक जाम और अन्य जनहित समस्याओं से जूझ रहा था, जिसकी मुख्य वजह सड़क पर किया गया अतिक्रमण था।

पहले भी दी गई थी चेतावनी

अधिकारियों के मुताबिक, प्रशासन ने 4 और 5 अगस्त को ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर अपने दस्तावेज दिखाने और अवैध कब्जा हटाने का आदेश दिया था। लेकिन, नोटिस को नजरअंदाज किया गया, जिसके बाद प्रशासन को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा। इस कार्रवाई में करोड़ों की संपत्ति ध्वस्त हो गई।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि कई बार नोटिस देने के बावजूद अवैध कब्जे नहीं हटाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के घर तोड़े जा रहे हैं, उन्हें ‘आशियाना योजना’ के तहत मकान उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सड़क चौड़ीकरण और जनहित के लिए अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Also Read: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी की विधायकी बहाल, हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.