Sambhal: अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: संभल जिले में एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन में आ गया है। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और नाले की सफाई में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए सोमवार को नगर पालिका और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने चंदौसी चौराहे पर बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत नाले के ऊपर बनाए गए पक्के स्लैबों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान दो बुलडोजरों की मदद से उन स्थायी निर्माणों को तोड़ा गया जो वर्षों से नाले के ऊपर बनाकर अतिक्रमण किया गया था। इन निर्माणों की वजह से नाले की नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी, जिससे बारिश के दौरान जलभराव और सड़कों पर जाम जैसी समस्याएं आम हो गई थीं।
लोगों को थी लंबे समय से परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले पर अवैध रूप से बनी संरचनाएं न सिर्फ सफाई में रुकावट बन रही थीं, बल्कि इससे सड़कें भी संकरी हो गई थीं, जिससे ट्रैफिक जाम रोज की बात हो गई थी।
प्रशासन ने पहले ही दी थी चेतावनी
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान से पहले अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिए गए थे और समय भी दिया गया था कि वे खुद ही निर्माण हटा लें, लेकिन तय समय तक कार्रवाई न होने पर प्रशासन को खुद एक्शन में उतरना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई जनहित में की जा रही है। इससे न सिर्फ नाले की सफाई आसान होगी, बल्कि सड़कें भी चौड़ी होंगी, जिससे लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।
Also Read: भारत ने नेपाल को भेंट की 40 एम्बुलेंस, सांसद अब्दुल खान ने जताया आभार

