अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर चला बुलडोजर, जिला प्रशासन के दो नोटिसों का जवाब न मिलने पर हुई कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति से इस वक्त की एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। डायमंड हार्बर से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी के आमतला (दक्षिण 24 परगना) स्थित 5 मंजिला कार्यालय पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया है। प्रशासन का आरोप है कि इस बहुमंजिला दफ्तर का निर्माण बिना किसी वैध अनुमति और सरकारी दस्तावेजों के किया गया था। शनिवार दोपहर से ही भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में 3 बुलडोजर इस अवैध इमारत को ढहाने के काम में जुटे हैं।

30 जून को थमाया गया था पहला नोटिस

जिला प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई है बल्कि पूरी कानूनी प्रक्रिया के बाद अमल में लाई गई है। प्रशासन ने सबसे पहले 30 जून को अभिषेक बनर्जी के आमतला कार्यालय को एक आधिकारिक नोटिस भेजकर भवन निर्माण से संबंधित कागजात और प्रशासनिक स्वीकृतियों का ब्योरा मांगा था। इसके बाद 7 जुलाई को एक और रिमाइंडर नोटिस जारी किया गया, जिसमें जिम्मेदार व्यक्तियों को 15 जुलाई तक जिला प्रशासन के समक्ष उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का अंतिम मौका दिया गया था।

लगातार अनदेखी के बाद प्रशासन ने उठाया कड़ा कदम

प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि लगातार दो नोटिस भेजने और पर्याप्त समय देने के बावजूद टीएमसी सांसद या उनके प्रतिनिधियों की तरफ से कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया, न ही कोई वैध दस्तावेज पेश किए गए। इस असहयोग के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए शनिवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही यह आलीशान दफ्तर बंद पड़ा था, जिसे अब पूरी तरह जमींदोज किया जा रहा है।

Also Read: सीतापुर में शराब के लिए बेटे ने ली मां की जान, रातभर शव के पास बैठा रहा आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.