लखनऊ में बुलडोजर देख मचा हंगामा, अवैध कब्जा हटाने गई टीम का विरोध, महिलाएं छत पर चढ़ीं
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के गोमती नगर विस्तार के मलेसे मऊ में बुधवार को एक दिलचस्प और तनाव भरा माहौल देखने को मिला। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की टीम जब अवैध निर्माण हटाने के लिए बुलडोजर लेकर पहुंची, तो अवैध कब्जाधारियों ने इसका जमकर विरोध किया। विरोध कर रहे 12-15 लोग घरों की छतों पर चढ़ गए, जबकि कुछ महिलाओं ने खुद को घरों के अंदर बंद कर लिया। इस दौरान हंगामा इतना बढ़ गया कि एक लड़की बेहोश भी हो गई।
घंटों चली नोकझोंक, पुलिस ने संभाला मोर्चा
LDA और पुलिस टीम के साथ अवैध कब्जाधारियों की जमकर नोकझोंक हुई। लोग आरोप लगा रहे थे कि LDA बिना किसी पूर्व नोटिस के कार्रवाई कर रही है, जबकि LDA अधिकारियों का कहना था कि उन्हें कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं। हालात को बिगड़ता देख, पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को समझाने की कोशिश की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद, मोहम्मद सलीम और उनके परिवार के सदस्य छत से नीचे उतरे, जिसके बाद LDA की टीम ने अवैध निर्माण तोड़ना शुरू किया।
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं हटा कब्जा
LDA के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि मलेशिया गांव में प्राधिकरण की जमीन पर 8 परिवारों ने अवैध रूप से पक्के निर्माण कर लिए हैं। उन्हें पिछले एक साल में कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद डुगडुगी बजवाकर भी कब्जा हटाने के लिए कहा गया, फिर भी कोई असर नहीं हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि इन कब्जों की वजह से सड़क निर्माण, सीवर लाइन और अन्य विकास परियोजनाएं बाधित हो रही हैं, जिसके कारण प्राधिकरण को सख्त कदम उठाना पड़ा। हालात की गंभीरता को देखते हुए LDA ने जिला प्रशासन से भी मदद मांगी है।
Also Read: ‘विकसित भारत@2047’ की झलक, बरेली में लगी खास प्रदर्शनी, पूर्व मंत्री ने किया उद्घाटन

