Balrampur News: अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 25 से ज्यादा दुकानों से हटाया गया अवैध कब्जा

Balrampur News: शहर की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या से निपटने के लिए बलरामपुर नगर पालिका ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्या के नेतृत्व में नगर पालिका रोड पर बनी 25 से ज्यादा दुकानों के सामने से अवैध कब्जे हटाए गए। इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था।

नगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई। अतिक्रमण हटाने से पहले लाउडस्पीकर के माध्यम से सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी कि वे खुद ही अपने अवैध निर्माण हटा लें। लेकिन, जब चेतावनी का कोई असर नहीं हुआ, तो बुलडोजर का इस्तेमाल करना पड़ा।

अधिकारियों के अनुसार, कुछ दुकानदारों ने तो नाली तक अपने पोर्च बना रखे थे, जबकि कुछ ने सड़क तक अतिक्रमण कर लिया था, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों को काफी परेशानी होती थी। इसी वजह से शहर में अक्सर जाम लग जाता था।

Balrampur Municipality

शहर को जाम-मुक्त बनाने की कोशिश

नगर पालिका का कहना है कि इस अभियान का मुख्य मकसद शहर की सड़कों को साफ-सुथरा और आवागमन के लिए सुगम बनाना है। इस कार्रवाई के बाद से लोगों ने राहत की सांस ली है। अधिकारियों ने यह भी साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि पूरे शहर को जाम से मुक्ति मिल सके। इस दौरान अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्या के साथ टीआई राजेश कुमार पटेल, जेई अवनीश यादव और नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

Also Read: विदेश मंत्री जयशंकर का अमेरिका को जवाब, रूस से तेल खरीदने का फैसला राष्ट्रीय हित में है

Get real time updates directly on you device, subscribe now.