हापुड़ में हाईकोर्ट के आदेश पर चला बुलडोज़र, गढ़ रोड पर हटा अतिक्रमण

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के हापुड़ में मंगलवार सुबह गढ़ रोड का नजारा युद्धभूमि जैसा हो गया। हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने सड़क किनारे बनी घुमंतू जाति की झुग्गियों पर बुलडोज़र चला दिया। जेसीबी, PAC और भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।

कैसे चला ऑपरेशन

गढ़ रोड पर स्थित एक निजी मकान के बाहर लंबे समय से घुमंतू जाति के लोग झुग्गियां डालकर रह रहे थे। मकान मालिक ने इस मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद नगर पालिका ने पहले नोटिस जारी किया, लेकिन कब्जा खाली न होने पर मंगलवार सुबह सख्त कार्रवाई की गई।

अफसरों ने संभाला मोर्चा

कार्रवाई के दौरान हापुड़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट, देहात थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता और बाबूगढ़ थाना प्रभारी मुनेश प्रताप सिंह मौके पर मौजूद रहे। सीओ वरुण कुमार मिश्रा और नगर पालिका के ईओ संजय मिश्रा ने पूरी निगरानी की। महिला पुलिसकर्मी भी बॉडी प्रोटेक्टर पहनकर तैनात थीं।

प्रशासन ने बताया कि जिन परिवारों की झुग्गियां हटाई गईं, उन्हें बुलंदशहर रोड स्थित नगर पालिका के रैन बसेरे में शिफ्ट कर दिया गया है।

स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से सड़क पर यातायात और सुरक्षा की दिक्कतें दूर होंगी। प्रशासन ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी अवैध कब्जों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read: Gorakhpur News: गोलीबारी से युवक की मौत पर गुस्साए लोग, गोरखपुर में पुलिस पर पथराव और आगजनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.