गाजीपुर में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, गरीबों को बेघर करने को अखिलेश यादव ने बताया निंदनीय

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में रक्षा संपदा विभाग (Defence Estates Department) की ओर से अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई ने कई गरीब परिवारों को बेघर कर दिया है। इस कार्रवाई पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपाइयों की जमीन की भूख अनंत है

अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, गाजीपुर के जंगीपुर में जिस तरह बरसात के समय में बिना नोटिस दिए ही पीढ़ियों से रह रहे गरीब घर-परिवारों को उजाड़ा जा रहा है, वो बेहद निंदनीय है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपाइयों की जमीन की भूख अनंत है। भाजपा के लिए परिवार वालों का कोई महत्व नहीं है। परिवार वालों का दुख, परिवार वाले ही समझ सकते हैं।

यादव ने आगे कहा कि भाजपा के राज में बुलडोजर अन्याय का प्रतीक बन गया है। उन्होंने मांग की कि जो लोग भी विस्थापित हुए हैं, उनके लिए तुरंत पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, क्योंकि इनमें बुजुर्ग, बीमार, बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

भाजपा को दुख देकर ही सुख मिलता है

सपा मुखिया ने अपने कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की, जो इस मुश्किल घड़ी में विस्थापितों के लिए राहत और सहायता की व्यवस्था में लगे हैं। उन्होंने भावुक होते हुए लिखा कि अभी घर उजड़ने पर अपनी किताब बचाकर भागती बच्ची की तस्वीर धूमिल भी नहीं हुई थी कि कुछ और नई तस्वीरें आ गई हैं, जहां जमींदोज घरों के आगे आंखों में नमी लिए हुए बेसहारा लोग खड़े हैं। भाजपा को दुख देकर ही सुख मिलता है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, गाजीपुर में रक्षा संपदा विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है। विभाग की जमीनों से अवैध कब्जा हटाने के लिए यह कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस के साथ मिलकर की गई है। नायब तहसीलदार ने बताया कि रक्षा संपदा विभाग ने इन लोगों को कई बार नोटिस दिए थे, लेकिन उन्होंने अपना अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके बाद यह कार्रवाई करनी पड़ी। अभी यह देखा जा रहा है कि कितने लोगों पर कार्रवाई हुई है।

Also Read: गाजीपुर में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, गरीबों को बेघर करने को अखिलेश यादव ने बताया निंदनीय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.