बरेली हिंसा पर एक्शन: मौलाना तौकीर रजा के दामाद मोहसिन रजा की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर

Bareilly News: बरेली में आई लव मुहम्मद को लेकर हुए बवाल और हिंसा के बाद पुलिस का सख्त एक्शन लगातार जारी है। मंगलवार को पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा के दामाद मोहसिन रजा की अवैध प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया। पुलिस ने मोहसिन रजा को गिरफ्तार भी कर लिया है।

पुलिस ने मंगलवार को मोहसिन रजा के गैराज को गिरा दिया। यह गैराज प्रेम नगर थाना क्षेत्र के सुरखा बानखाना स्थित मोहसिन की कोठी के बगल में बना हुआ था। आरोप है कि यह निर्माण नाले की जमीन पर कब्जा करके किया गया था।

पुलिस जब बुलडोजर लेकर कार्रवाई के लिए पहुंची, तो मोहसिन रजा ने बदसलूकी करना और विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माने तो पुलिस ने कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस गैराज में बिना बिजली कनेक्शन के अवैध रूप से गाड़ियों को चार्ज भी किया जा रहा था।

हिंसा का आरोपी ओमान रजा अभी भी फरार

मोहसिन रजा और उसका भाई ओमान रजा दोनों ही दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मन्नानी मियां (जो मौलाना तौकीर रजा के भाई हैं) के दामाद हैं। ओमान रजा भी बरेली हिंसा का आरोपी है, लेकिन फ़िलहाल वह फरार है।

इससे पहले, इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान को भी पुलिस ने उपद्रव के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके बेहद करीबी और आईएमसी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खां भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। फिलहाल, मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई जारी है।

Also Read: Kanpur News: जाजमऊ में घाट का भव्य सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.