Firozabad News: दबंगों ने सरेआम दुकानदार को पीटा, वीडियो वायरल होने पर 3 गिरफ्तार

Firozabad News: फिरोजाबाद में दबंगों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका एक ताजा उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखने को मिला है। इस वीडियो में तीन दबंग किस्म के लोग एक व्यापारी को उसकी दुकान पर घुसकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। घटना सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

यह मामला फिरोजाबाद के थाना दक्षिण इलाके के सुहाग नगर का है। बताया जा रहा है कि शुभम जैन नाम के एक व्यापारी की दुकान पर भीम नगर का रहने वाला जयप्रकाश कुछ सामान लेने आया था। सुबह सामान को लेकर शुभम और जयप्रकाश के बीच कुछ विवाद हो गया था, जिसके बाद जयप्रकाश वहां से चला गया।

लेकिन, शाम के समय जयप्रकाश अपने दो साथियों, विजय और सत्यसागर के साथ दोबारा दुकान पर आया। आते ही तीनों ने शुभम जैन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते तीनों दबंगों ने व्यापारी पर हमला कर दिया और उसे जमकर पीटने लगे। यह सारी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज अब वायरल हो रही है।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

दुकानदार को सरेआम पीटे जाने की खबर मिलते ही थाना दक्षिण पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने व्यापारी शुभम जैन (पुत्र प्रदीप जैन) की शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों जयप्रकाश, सत्यसागर उर्फ दरोगा और विजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद भीम नगर इलाके में दबिश देकर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सुबह दुकान से सामान लेने को लेकर इन तीनों आरोपियों का शुभम जैन के साथ विवाद हुआ था। उसी रंजिश में शाम को आकर इन लोगों ने व्यापारी शुभम जैन की पिटाई की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

Also Read: लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टेलीग्राम के ज़रिए करोड़ों की साइबर ठगी करने वाला गैंग गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.