IND vs ENG: बुमराह बाहर, कुलदीप की एंट्री लगभग तय, दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की रणनीति में होंगे बड़े बदलाव

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ का दूसरा मुकाबला बुधवार, 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा।

मुकाबले से पहले टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेटे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की रणनीति और संभावित बदलावों को लेकर अहम जानकारियाँ साझा कीं।

रयान टेन डोशेटे ने बताया कि भारत के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को बर्मिंघम टेस्ट से आराम दिया गया है। वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत यह फैसला लिया गया है।

Jasprit Bumrah

बुमराह ने पहले टेस्ट में पांच विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन लगातार क्रिकेट खेलने की वजह से उन्हें यह ब्रेक दिया गया है। वे तीसरे टेस्ट (लॉर्ड्स) के लिए उपलब्ध रहेंगे।

जायसवाल स्लिप फील्डिंग से हटाए गए

पहले टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने स्लिप में चार कैच टपकाए, जिससे इंग्लैंड को बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद मिली।

टीम मैनेजमेंट ने इस पर संज्ञान लेते हुए जायसवाल को स्लिप कॉर्डन से हटाने का फैसला लिया है।

अब उन्हें आउटफील्ड में फील्डिंग दी जाएगी। हालांकि, बल्लेबाज़ी में उन्होंने पहली पारी में शतक लगाकर अपनी उपयोगिता साबित की।

शार्दुल की जगह नीतीश रेड्डी की एंट्री संभव

शार्दुल ठाकुर पिछले मुकाबले में गेंद और बल्ले से खास प्रभाव नहीं डाल सके थे। ऐसे में उनकी जगह आंध्र प्रदेश के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को मौका दिया जा सकता है।

बर्मिंघम की सूखी पिच और गर्म मौसम को देखते हुए भारत दो स्पिन गेंदबाज़ों के साथ उतरने की योजना बना रहा है।

कुलदीप यादव को मिल सकता है मौका

रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर—इन तीन स्पिनर्स में से दो को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है। पहले टेस्ट में भारत एकमात्र स्पिनर के रूप में जडेजा के साथ उतरा था, लेकिन अब टीम बदलाव की ओर बढ़ रही है।

टेन डोशेटे ने कुलदीप की नेट बॉलिंग की तारीफ़ करते हुए कहा कि वे शानदार लय में हैं और विकेट लेने के लिए बेताब हैं।

कप्तान गिल पर भी रहेगी नज़र

भारत को पहले टेस्ट में 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब टीम बर्मिंघम में वापसी करना चाहेगी।

कप्तान शुभमन गिल के लिए यह एक और बड़ी परीक्षा होगी, क्योंकि कप्तानी के शुरुआती दौर में हर मुकाबला उनके नेतृत्व कौशल की परीक्षा ले रहा है।

Also Read: ICC का बड़ा एक्शन: इस देश के क्रिकेट बोर्ड पर मंडराया सस्पेंशन का खतरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.