अमेरिका में बस दुर्घटना, एक भारतीय समेत पांच लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: नियाग्रा फॉल्स से न्यूयॉर्क सिटी जा रही एक बस के पलट जाने से उसमें सवार पाँच लोगों की मौत हो गई, जिसमें बिहार के एक व्यक्ति भी शामिल हैं। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बस में भारतीय और चीनी नागरिकों सहित कुल 54 लोग सवार थे।
एक न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, मरने वालों की पहचान 65 वर्षीय बिहार के शंकर कुमार झा, 60 वर्षीय न्यू जर्सी की पिंकी चांगरानी, 22 वर्षीय चीन के झी होंगझुओ, 55 वर्षीय न्यू जर्सी के झांग शियाओलान और 56 वर्षीय जियान मिंगली के रूप में हुई है।
यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 बजे न्यूयॉर्क के पेमब्रोक इलाके में अंतरराज्यीय राजमार्ग-90 पर हुई। पुलिस के प्रमुख आंद्रे रे ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्राइवर का ध्यान भटक गया था, जिससे उसने बस से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि ड्राइवर का ध्यान किस वजह से भटका था।
पुलिस का कहना है कि हादसे की वजह की जांच की जा रही है। रे ने यह भी बताया कि हादसे के समय कई यात्री बस से बाहर गिर गए और पाँचों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन किसी को भी जानलेवा चोट नहीं आई है।
Also Read: आगरा में पकड़ी गई नकली दवाइयों की बड़ी खेप, 11 राज्यों में फैला था गोरखधंधा

