दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बस पलटी, पुलिसकर्मी की मौत, कई घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: शनिवार सुबह गुरुग्राम के पास दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार की मौत हो गई और 20 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान परिवहन निगम की एक बस दिल्ली से जयपुर की ओर यात्रियों को लेकर जा रही थी। पचगांव चौक के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसे में जान गंवाने वाले अशोक कुमार (उम्र 39 वर्ष), राजस्थान के अलवर जिले के मोलावास गांव के निवासी थे और दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे।
कई घायल, दो की हालत गंभीर
बस दुर्घटना में कंडक्टर और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायल यात्रियों को भी नजदीकी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि बस के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तेज रफ्तार, ड्राइवर की लापरवाही या तकनीकी खराबी हादसे का कारण बनी।
Also Read: लखनऊ में बड़ा हादसा टला: 1090 चौराहे पर डिवाइडर से टकराई रोडवेज बस, कई यात्री घायल

