Barabanki News: मशहूर टेंट व्यवसायी संजय जायसवाल ने खुद को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
Barabanki News: बाराबंकी जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले में बुधवार की सुबह एक ऐसी खबर आई जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शहर के जाने-माने टेंट और किराना व्यवसायी संजय जायसवाल (45 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से व्यापारी वर्ग और स्थानीय लोगों में मातम पसरा हुआ है।
सुबह-सुबह गूंजी गोली की आवाज
रोजाना की तरह बुधवार की सुबह भी सामान्य थी, लेकिन करीब 7:30 बजे अचानक संजय के घर से गोली चलने की जोरदार आवाज आई। आवाज सुनकर घरवाले बदहवास होकर कमरे की तरफ दौड़े। अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। संजय खून से लथपथ पड़े थे और पास ही उनकी लाइसेंसी पिस्टल पड़ी थी। परिजन उन्हें आनन-फानन में हिंद मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खुशियों के बीच पसरा मातम
संजय जायसवाल शहर के एक बड़े कारोबारी थे। उनका जायसवाल टेंट हाउस और खुशी किराना स्टोर काफी प्रसिद्ध है। अभी दो महीने पहले ही (नवंबर में) उनके बेटे ऐश्वर्य की शादी हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
क्या आर्थिक तंगी बनी वजह
चर्चा है कि संजय जायसवाल पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। व्यापार के अलावा वह बड़े स्तर पर बीसी (कमेटी) का संचालन भी करते थे। बताया जा रहा है कि शादी के खर्च और व्यापारिक लेन-देन के दबाव के चलते परिवार में कुछ दिनों से तनाव बना हुआ था। पुलिस इस बिंदु पर भी गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
Also Read: Prayagraj News: तालाब में गिरा सेना का ट्रेनिंग विमान, स्थानीय लोगों ने बचाई 3 की जान

