जयमाला के स्टेज पर सनकी आशिक ने दुल्हन को मारी गोली, चीख-पुकार में बदलीं खुशियां

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित चौसा के मल्लाह टोली में बीती रात एक ऐसी वारदात हुई जिसे देख लोग सन्न रह गए। शादी की रस्में चल रही थीं, शहनाइयां बज रही थीं और दूल्हा-दुल्हन जयमाला के स्टेज पर एक-दूसरे के होने का वादा कर रहे थे। तभी एक सिरफिरे आशिक ने फिल्मी अंदाज में स्टेज पर पहुंचकर दुल्हन को गोली मार दी।

जानकारी के अनुसार, बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर गांव से आई थी। जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था, रिश्तेदार नाचने-गाने में मग्न थे। इसी बीच एक युवक ने अपना मुंह ढक कर स्टेज तक पहुंच गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने दुल्हन आरती कुमारी (पिता नंद जी मल्लाह) के पेट में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही आरती लहूलुहान होकर स्टेज पर ही गिर पड़ी।

गोली लगने के बाद दर्द से कराह रही आरती ने गिरते ही चिल्लाकर कहा, दीनबंधु ने मुझे गोली मार दी है। इस बयान के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में आरती को बक्सर के सदर अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी (बनारस) रेफर कर दिया है।

एकतरफा प्यार और सनक का मामला

आरोपी दीनबंधु दुल्हन का पड़ोसी बताया जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वह आरती से एकतरफा प्यार करता था और उसकी शादी के खिलाफ था। इससे पहले भी उसने कई बार आरती की शादी तुड़वाने की कोशिश की थी, लेकिन जब वह नाकाम रहा, तो उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

घटना की सूचना मिलते ही बक्सर के एसपी शुभम आर्य दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि हमलावर की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।

Also Read: यादव जी की लव स्टोरी पर नहीं लगेगी रोक, सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से किया इनकार, 27 फरवरी को होगी रिलीज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.