पटवा समाज के गौरवशाली इतिहास को मिलेगी नई पहचान, सरकार सुनिश्चित करेगी शासन-प्रशासन में भागीदारी: अनिल राजभर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (श्रम एवं सेवायोजन) अनिल राजभर ने इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए उन्होंने पटवा समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया।
समाज को संबोधित करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि पटवा समाज का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा, इस समाज ने न केवल सनातनी परंपराओं को जीवित रखा और देवी-देवताओं के शुभ कार्यों से जुड़ा व्यवसाय किया, बल्कि देश की आन-बान और शान के लिए भी अतुलनीय योगदान दिया है।

मंत्री ने समाज को भरोसा दिलाया कि पटवा समाज के योगदान को अब प्रदेश सरकार के माध्यम से एक बड़ा और अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म दिया जाएगा, ताकि उनकी पहचान दुनिया भर में स्थापित हो सके। इसके अलावा उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। शासन और प्रशासन के कार्यों में पटवा समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए पुरजोर प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के माध्यम से एक ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ इस समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने जल्द ही लखनऊ में पटवा समाज के युवाओं के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही।

मजबूत हाथों में देश का नेतृत्व
अनिल राजभर ने कहा कि आज देश का नेतृत्व सुरक्षित और सही हाथों में है। यही कारण है कि भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समाज को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए संकल्प, लक्ष्य और समय का निर्धारण बहुत जरूरी है।

समारोह के दौरान पटवा समाज की ओर से कैबिनेट मंत्री को मुकुट, अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव देववंशी, राष्ट्रीय महामंत्री आकाश पटवा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अरविंद पटवा सहित डॉ. सागर पटवा, विजय पटवा, केपी पटवा और भारी संख्या में देश-प्रदेश से आए समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

