दिल्ली विधानसभा में आज केजरीवाल पर CAG रिपोर्ट का दूसरा वार, मोहल्ला क्लिनिक में गड़बड़ियों का खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली विधानसभा में आज एक अहम सत्र होने जा रहा है, जिसमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कैग (CAG) रिपोर्ट का दूसरा वार होने वाला है। इससे पहले पहली रिपोर्ट में दिल्ली शराब घोटाले को लेकर बीजेपी ने केजरीवाल सरकार को घेरा था, और रिपोर्ट को पब्लिक एकाउंट कमेटी (PAC) के पास भेजा गया था। अब आज कैग की 14 लंबित रिपोर्ट्स में से दूसरी रिपोर्ट को सदन में रखा जाएगा, जिसमें आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल के दौरान दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर खुलासे हो सकते हैं।

मोहल्ला क्लिनिक में गड़बड़ियों का खुलासा

कैग की रिपोर्ट में मोहल्ला क्लिनिकों की अनियमितताओं और गड़बड़ियों का खुलासा होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, कई मोहल्ला क्लिनिकों में बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी पाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में यह चौंकाने वाली खामियां उजागर हुई हैं:

  • 18 मोहल्ला क्लिनिकों में थर्मामीटर का अभाव।
  • 45 क्लिनिकों में एक्स-रे व्यूअर की कमी।
  • 21 क्लिनिकों में पल्स ऑक्सीमीटर नहीं।
  • 12 क्लिनिकों में वजन मापने की मशीनें नहीं।
  • 21 मोहल्ला क्लिनिकों में शौचालय की कमी।

इसके अलावा, कोविड फंड में 245 करोड़ रुपये का खर्च न होना और स्वास्थ्य इंफ्रा फंड के ₹2,623 करोड़ का लैप्स होना भी रिपोर्ट में शामिल हैं। PAC को 3 महीने में इस रिपोर्ट पर अपना निष्कर्ष पेश करने का निर्देश दिया गया है।

सदन में आज अन्य मुद्दों पर भी चर्चा

दिल्ली विधानसभा सत्र में आज स्वास्थ्य विभाग की गड़बड़ियों पर चर्चा के अलावा कुछ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठने वाले हैं। गुरुवार को दिल्ली शराब नीति पर कैग रिपोर्ट की चर्चा हुई, जिसे अब PAC के पास भेजा गया है। स्पीकर ने आबकारी विभाग को एक महीने के अंदर रिपोर्ट पर एक्शन टेकेन रिपोर्ट भी पेश करने का निर्देश दिया है। सदन में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी CCTV कैमरे लगाने में हुई गड़बड़ी की जांच का आदेश दिया है। आरोप है कि आम आदमी पार्टी सरकार ने बीजेपी विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में CCTV कैमरे नहीं लगवाए।

दिल्ली के गांवों के नाम बदलने की सियासत

इस बीच, बीजेपी के दो विधायकों ने दिल्ली के गांवों के नाम बदलने की मांग की है। नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने का प्रस्ताव दिया गया है, जबकि आरकेपुरम के विधायक अनिल शर्मा ने मोहम्मदपुर गांव का नाम बदलकर माधवपुर करने का आग्रह किया है। इससे पहले विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिवपुरी या शिव विहार करने की मांग की थी। मोहम्मदपुर का नाम अब माधवपुर करने के प्रस्ताव को गांव के लोग भी समर्थन दे रहे हैं। आज के सत्र में इन सभी मुद्दों पर बहस होने की संभावना है, और दिल्ली की राजनीति में उथल-पुथल मच सकती है।

Also Read: तो अखिलेश जी…रोका किसने है आपको? सपा प्रमुख पर बीजेपी विधायक का विवादित बयान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.