ट्रंप प्रशासन को बड़ा झटका, कैलिफोर्निया के कार्यवाहक अटॉर्नी बिल एसेली पद के लिए अयोग्य घोषित

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को कानूनी मोर्चे पर एक और बड़ा झटका लगा है। एक संघीय न्यायाधीश ने दक्षिणी कैलिफोर्निया के कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी बिल एसेली को कई मामलों में अयोग्य घोषित कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा नियुक्त यह अधिकारी संघीय कानून द्वारा निर्धारित 120 दिनों की समय सीमा से अधिक समय से अपने अस्थायी पद पर बने हुए हैं।

यह फैसला ट्रंप प्रशासन के उस प्रयास के लिए एक और बड़ा आघात है, जिसके तहत वह अपने चुने हुए कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी के कार्यकाल को कानूनी सीमा से अधिक बढ़ाना चाहता था।

तीन आपराधिक मामलों से किया गया अलग

यूएस डिस्ट्रिक्ट न्यायाधीश जे. माइकल सीब्राइट ने बचाव पक्ष के वकीलों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए एसेली को तीन आपराधिक मामलों में अभियोजन की निगरानी से अयोग्य ठहराया। न्यायाधीश सीब्राइट ने अपने फैसले में लिखा कि एसेली ने 29 जुलाई को अंतरिम पद से इस्तीफा देने के बाद से अपने पद पर अवैध रूप से कार्य करना जारी रखा है।

क्या कहता है अमेरिकी कानून

संघीय कानून के अनुसार, स्थायी अमेरिकी अटॉर्नी पद के लिए यदि राष्ट्रपति किसी को नामित नहीं करते हैं, और सीनेट 120 दिन के भीतर उसके नाम पर मुहर नहीं लगाती, तो संघीय अदालत के न्यायाधीश इस पद पर अस्थायी तौर पर किसी को नियुक्त कर सकते हैं। अमेरिकी सीनेट ने अभी तक एसेली की नियुक्ति की पुष्टि नहीं की है।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में ऐसे और भी फैसले आ चुके हैं। सितंबर में नेवादा की कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी सिगल चट्टाह और अगस्त में न्यू जर्सी की कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी एलीना हाबा को भी एक न्यायाधीश द्वारा अयोग्य ठहराया गया था।

Also Read: चक्रवात मोन्था ने ओडिशा के गोपालपुर तट पर दी दस्तक, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.