कनाडा के स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग, हमलावर समेत 10 लोगों की मौत, 25 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में मंगलवार की दोपहर मौत का तांडव देखने को मिला। टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में एक बंदूकधारी ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। इस हमले में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 1:20 बजे स्कूल में गोलीबारी की पहली खबर मिली। जैसे ही रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की टीमें स्कूल के भीतर पहुंचीं, वहां चारों तरफ खून और चीख-पुकार मची थी। हमलावर ने बिना किसी चेतावनी के स्कूल में मौजूद लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था।
पुलिस को स्कूल परिसर में ही हमलावर और 6 अन्य लोगों के शव मिले। दो घायलों की मौत उन्हें अस्पताल के लिए एयरलिफ्ट करने के दौरान हुई, जबकि एक अन्य ने एम्बुलेंस में ही दम तोड़ दिया। संदिग्ध हमलावर भी स्कूल के भीतर मृत मिला। पुलिस का मानना है कि नरसंहार के बाद उसने खुद को गोली मारकर अपनी जान ले ली।
छात्रों का सुरक्षित रेस्क्यू
इस स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक के लगभग 175 छात्र पढ़ते हैं। गनीमत रही कि पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए बाकी छात्रों और स्कूल स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मृतकों में कितने बच्चे शामिल हैं। ब्रिटिश कोलंबिया की पब्लिक सेफ्टी मंत्री नीना क्रिगर ने इस घटना को ‘दिल दहला देने वाला’ करार दिया है। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर टम्बलर रिज के सभी एलीमेंट्री और सेकेंडरी स्कूलों को इस पूरे हफ्ते के लिए बंद कर दिया है। इलाके से इमरजेंसी अलर्ट हटा लिया गया है, लेकिन पुलिस की जांच जारी है। सरकार ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद और काउंसलिंग देने का भरोसा दिलाया है।
Also Read: मेरठ: एनकाउंटर का डर दिखाकर कारोबारी से 20 लाख वसूलने वाले दो दारोगा सस्पेंड, तलाश में जुटी पुलिस

