Lucknow News: कैंसर विजेताओं ने साइकिल रैली से दिया फिट इंडिया का संदेश
Lucknow News: फिट इंडिया अभियान को एक प्रेरक रूप देते हुए, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के सहयोग से कैनकिड्स (Cankids) संस्था ने रविवार को संडे ऑन साइकिल रैली का आयोजन किया। इस विशेष रैली में कैंसर विजेताओं ने भाग लिया और साइकिल चलाकर स्वास्थ्य तथा जागरूकता का संदेश दिया।
कैनकिड्स संस्था की सीनियर स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. योगिता भाटिया और साई कोच के. शैलेंद्र ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

डॉ. योगिता भाटिया ने कैनकिड्स संस्था का परिचय देते हुए बताया कि यह संस्था कैंसर से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों को निदान से लेकर बीमारी से पूरी तरह ठीक होने तक समग्र सहायता सेवाएँ प्रदान करती है।
इस अवसर पर साहस और तन्यकता की दो प्रेरणादायक कहानियाँ भी साझा की गईं। सहायक सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु यादव और शशांक पटेल, दोनों ही कैंसर से पीड़ित रह चुके हैं और अब अपनी बीमारी को हराकर अधिवक्ता बन चुके हैं, उन्होंने अपने संघर्ष की दास्तान सुनाई।

साई कोच ने की सराहना
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कोच के. शैलेंद्र ने कैंसर विजेताओं के इस प्रयास की दिल खोलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका संगठन भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के लिए अपना पूर्ण समर्थन देगा।
प्रोजेक्ट मैनेजर शशांक पटेल ने इस साइकिल रैली को सफल बनाने के लिए कैंसर विजेताओं, उनके माता-पिता और साई की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। यह रैली न सिर्फ़ शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि मानसिक मज़बूती का भी संदेश लेकर निकली।
Also Read: देवभूमि उत्तराखंड में स्थापना दिवस की रजत जयंती पर जश्न, PM मोदी समेत दिग्गजों ने दी बधाई

