बलूचिस्तान में फ्रंटियर कॉर्प्स को निशाना बनाकर कार बम धमाका, 4 की मौत, कई घायल
क्वेटा: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के किला अब्दुल्ला जिले में अफगानिस्तान सीमा से लगे गुलिस्तान इलाके में एक भीषण कार बम धमाके में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह विस्फोट गुलिस्तान कस्बे में क्वेटा-चमन नेशनल हाईवे पर स्थित जब्बार कमर्शियल मार्केट में हुआ, जो पाकिस्तान की अर्धसैनिक बल फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) के किले के पास स्थित है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की कई दुकानें और वाहन जलकर खाक हो गए और एफसी किले की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके के बाद बाजार की कई दुकानों में आग लग गई। सूत्रों की मानें तो इस हमले का निशाना सरकारी समर्थक कबायली सरगना फैजुल्लाह घाबीजई था, जो विस्फोट के वक्त मौके पर मौजूद था। हालांकि, वह खुद सुरक्षित बच गया, लेकिन उसका एक अंगरक्षक मारा गया और अन्य कुछ घायल हो गए। किला अब्दुल्ला के डिप्टी कमिश्नर मुहम्मद रियाज दौड़ ने बताया कि ऐसा लगता है कि हमला एफसी किले की पिछली दीवार को निशाना बनाने के लिए किया गया था। धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच भारी गोलीबारी भी हुई।
उन्होंने आगे बताया कि कार में इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाया गया था, जिसे संभवतः रिमोट कंट्रोल से उड़ाया गया। हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित आतंकी संगठन तेहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं और किला अब्दुल्ला और चमन इलाकों की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
Also Read: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को हुआ प्रोस्टेट कैंसर, हालत चिंताजनक

