‘गाड़ी टकराओ और लूटो’ गिरोह का पर्दाफाश, लखनऊ पुलिस ने 3 शातिर अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-दक्षिणी अंतर्गत थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ‘गाड़ी टकराने’ के बाद लूट की घटना को अंजाम देने वाले 02 शातिर अभियुक्तों और 01 अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
घटना और गिरफ्तारी का विवरण
आपको बता दें कि बीते शनिवार (6 दिसंबर 2025) को शाम के समय शहीद पथ के पास यह घटना हुई थी। वादी अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि जब वे अपनी कार से लौट रहे थे, तो अभियुक्तों की कार से उनकी कार टकरा गई। इसके बाद कार सवार लोगों ने उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी कार, एप्पल लैपटॉप और डेढ़ लाख रुपये नकद लूट ली थी।
इसके बाद पीड़ित की लिखित तहरीर पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0-980/2025 दर्ज किया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरों, मैनुअल और टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों अभियुक्तों को सेक्टर-10 गोल चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्तों के नाम
- विवेक कुमार यादव (28 वर्ष), निवासी कन्नौज।
- किशन कुमार यादव (27 वर्ष), निवासी कन्नौज।
- सीमी देवी (25 वर्ष), निवासी मथुरा।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से लूटे गए माल का एक हिस्सा और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।
- बरामद माल: ₹25,000/- (पच्चीस हजार रुपये) नकद, 01 अदद एप्पल लैपटॉप (सिल्वर रंग)।
- प्रयुक्त वाहन: 01 अदद चार पहिया वाहन (स्विफ्ट डिजायर) UP32MH3137।
छीनी गई वादी की कार (ग्रैंड विटारा) को घटना के तुरंत बाद अभियुक्तों ने पकड़े जाने के डर से थाना पीजीआई क्षेत्र में छोड़कर भाग गए थे, जिसे पुलिस ने पहले ही बरामद कर लिया था।
पूछताछ में पता चला कि इस लूट में उनका एक अन्य साथी सौरभ राजपूत (कन्नौज निवासी) भी शामिल था, जिसने लूटे गए पैसों (₹1.5 लाख) को बाकी साथियों के साथ बांट लिया था। सौरभ राजपूत अभी वांछित है और उसकी तलाश की जा रही है। अभियुक्तों के खिलाफ लूट और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Also Read: Gorakhpur News: सीएम योगी ने किया देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत ऑडिटोरियम का उद्घाटन

