लखनऊ में दिनदहाड़े कार लूट, ट्रायल के बहाने फॉर्च्यूनर लेकर फरार हुए बदमाश, FIR दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है। दुबग्गा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। दो अज्ञात युवक ट्रायल के बहाने एक फॉर्च्यूनर कार लेकर फरार हो गए।
कैसे हुई वारदात?
बालागंज के रहने वाले मो. अलीम की हरदोई रोड पर ‘पावर कार सेल’ नाम की दुकान है। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे, दो युवक उनकी दुकान पर आए और फॉर्च्यूनर कार खरीदने की बात कही। उन्होंने ट्रायल के लिए कार मांगी और मो. अलीम के कर्मचारी यासीन को साथ में बिठा लिया। ट्रायल के दौरान, आरोपी हरदोई की तरफ बढ़े। कस्मंडी रोड के पास उन्होंने यासीन के साथ मारपीट की और उसे कार से उतारकर गाड़ी लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घायल यासीन किसी तरह दुकान पर वापस लौटा और मालिक को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। दुबग्गा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2) और 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कार भी बरामद कर ली जाएगी।
Also Read: Lucknow News: बंद घरों में चोरी करने वाले 4 शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के गहने बरामद

