फिल्म निर्माता को बंधक बनाकर गन पॉइंट पर 10 लाख रुपये की वसूली, अभिनेत्री समेत 15 पर केस दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड से जुड़े अंधेरी वेस्ट इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। फिल्म निर्माता कृष्णकुमार वीरसिंह मीणा उर्फ के. कुमार (48) ने अभिनेत्री निकिता घाग और उसके 10 से अधिक साथियों पर उन्हें बंधक बनाकर बंदूक की नोक पर 10 लाख रुपए जबरन वसूली करने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद अंबोली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

फिल्म निर्माता के. कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि यह घटना 14 अगस्त की शाम की है। निकिता घाग अचानक 10-15 लोगों के साथ उनके स्टूडियो चित्रलेखा हेरिटेज में घुस गईं। उस वक्त कुमार अपने केबिन में कुछ दोस्तों के साथ बैठे थे। घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सबको बाहर निकाल दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान एक युवक ने खुद को ‘दादा’ बताते हुए अपना नाम विवेक जगताप बताया। निकिता और उसके साथियों ने प्रोड्यूसर पर झूठे आरोप लगाए और उन्हें बदनाम करने की धमकी देते हुए 25 लाख रुपए की मांग की। जब प्रोड्यूसर ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। इसी बीच, एक आरोपी ने चाकू निकाला, जबकि विवेक जगताप ने अपनी कमर में रखी पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराया।

डर के माहौल में प्रोड्यूसर को अपने मोबाइल फोन और ओटीपी वेरिफिकेशन के जरिए 10 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करने पड़े। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनके एक कर्मचारी से जबरन एक ईमेल भी लिखवाया, जिसमें इस रकम को निकिता घाग की एक्टिंग फीस का एडवांस बताया गया।

प्रोड्यूसर ने आरोप लगाया है कि उन्हें लगभग तीन घंटे तक स्टूडियो में बंधक बनाकर रखा गया। जाते समय आरोपियों ने कर्मचारियों को भी धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। फिल्म निर्माता की शिकायत के आधार पर, अंबोली पुलिस स्टेशन ने अभिनेत्री निकिता घाग, विवेक जगताप उर्फ दादा और उनके अन्य साथियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

Also Read: Ayodhya News: कचहरी परिसर में संदिग्ध झोले से तमंचा व कारतूस बरामद, मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.