HDFC बैंक में गोपनीय जानकारी लीक होने का मामला, जांच के घेरे में दो वरिष्ठ अधिकारी

HDFC Bank News : प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक HDFC बैंक में गोपनीय कारोबारी जानकारी लीक होने का मामला सामने आया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक की आंतरिक जांच में ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बाहरी लोगों के साथ बैंक की कारोबारी रणनीतियों और बाजार पर असर डाल सकने वाली संवेदनशील जानकारियां साझा कीं। फिलहाल बैंक इस मामले की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन जानकारियों का कहीं गलत इस्तेमाल तो नहीं हुआ।

आंतरिक जांच में सामने आए दो अधिकारियों के नाम

रिपोर्ट के अनुसार, गोपनीय जानकारी लीक होने की आशंका को लेकर बैंक के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने चिंता जताई थी। इसके बाद आंतरिक जांच शुरू की गई, जिसमें दो वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका सामने आने की बात कही गई है। ये अधिकारी बैंक के अहम कारोबारी कामकाज से जुड़े हैं।

सूत्रों के मुताबिक, जांच अभी जारी है। वरिष्ठ प्रबंधन और बोर्ड के कुछ सदस्यों को इस मामले और जांच के नतीजों के बारे में इस साल की शुरुआत में जानकारी दी गई थी। संबंधित दोनों अधिकारियों को भी नतीजों से आधिकारिक तौर पर अवगत करा दिया गया है। हालांकि, उनके खिलाफ किस तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

बैंक ने कहा- समीक्षा पूरी होने के बाद होगी उचित कार्रवाई

HDFC बैंक के प्रवक्ता ने ईमेल के जरिए मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि बैंक की नीतियों के तहत सभी जरूरी तथ्यों को जुटाने और उनका मूल्यांकन करने के लिए आंतरिक समीक्षा की जा रही है। समीक्षा पूरी होने के बाद सामने आने वाले निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

बैंक ने यह भी कहा कि वह नैतिकता और कॉरपोरेट गवर्नेंस के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और नियमों के उल्लंघन से जुड़ी किसी भी रिपोर्ट को गंभीरता से लेता है। हालांकि, बैंक ने जांच के विस्तृत नतीजों या संबंधित अधिकारियों की पहचान को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है।

27 अक्टूबर को CEO का पद संभालेंगे अनूप बागची

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब HDFC बैंक प्रबंधन से जुड़े विवादों और वरिष्ठ स्तर पर हुए बदलावों के बीच नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अनूप बागची 27 अक्टूबर को बैंक के CEO का पद संभालेंगे। वह पहले ICICI समूह से जुड़े रहे हैं और बैंक के बाहर से आने वाले नए प्रमुख होंगे।

गोपनीय जानकारी लीक होने के मामले में जांच के अंतिम निष्कर्ष और बैंक की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर अब नजर रहेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.