रामपुर पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी गोतस्कर जुबेर ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: गोरखपुर में बवाल के आरोप में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी गोतस्कर जुबेर अहमद उर्फ कालिया को रामपुर पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई में एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के चाकू चौराहे के पास शुक्रवार देर रात करीब 10:00 बजे हुई। अपराधी जुबेर अहमद उर्फ कालिया रामपुर के देर मर्दन का निवासी था और वह गोरखपुर से जुड़े एक मामले में काफी समय से फरार चल रहा था। गोरखपुर पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ की लखनऊ इकाई भी उसकी तलाश कर रही थी। जुबेर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस और जुबेर के बीच हुई मुठभेड़ में दरोगा राहुल सिंह और कांस्टेबल संदीप कुमार घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी मुनिराज जी और एसपी विद्यासागर सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
Also Read: CM योगी का श्रावस्ती दौरा आज, सीताद्वार में करेंगे जनसभा और लोकार्पण

