Lucknow News: CBI ने CBN के 3 निरीक्षकों को रिश्वतखोरी के आरोप में किया गिरफ्तार

Lucknow News: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। कोडीन सिरप की अवैध आपूर्ति से जुड़े एक रैकेट का पर्दाफाश करते हुए सीबीआई ने सीबीएन के तीन निरीक्षकों सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पूरे चिकित्सा-नियंत्रण तंत्र में हड़कंप मच गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सीबीआई ने सीबीएन के तीन निरीक्षकों, महिपाल सिंह, रवि रंजन और आदर्श योगी को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने लखनऊ के एक निजी नर्सिंग होम, देवा नर्सिंग होम के संचालक गयासुद्दीन अहमद को प्रतिबंधित दवा कोडीन सिरप की खरीद के मामले में फंसाने की धमकी दी थी। सीबीआई के मुताबिक, इन निरीक्षकों ने गयासुद्दीन अहमद से केस रफा-दफा करने के लिए 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

CBI ने ऐसे बिछाया जाल

सीबीआई ने इस मामले में 26 अगस्त को एक ‘ट्रैप’ ऑपरेशन चलाया। टीम ने पहले सीबीएन कार्यालय में 2 लाख रुपये और बाद में टेढ़ी पुलिया के पास बाकी 8 लाख रुपये की वसूली के दौरान सभी आरोपियों को रंगेहाथों पकड़ लिया। जांच में दो दलाल, सुनील और संतोष जायसवाल, भी शामिल पाए गए। बाराबंकी ड्रग एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित कुछ अन्य लोगों की भी इस रैकेट में संलिप्तता का पता चला है, जिसकी जांच जारी है।

CBN ने लिया कड़ा एक्शन

इस मामले के सामने आने के बाद, सीबीएन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिपाल सिंह को बर्खास्त कर दिया है, जबकि रवि रंजन और आदर्श योगी को निलंबित कर दिया गया है। सीबीएन के अधिकारियों ने कहा है कि भ्रष्ट और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीबीआई इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Also Read: Lucknow News: PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में मायावती की भी एंट्री, बोलीं- राजनीति का स्तर गिरना दुखद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.