MCD का असिस्टेंट इंजीनियर 2 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, क्लोजर रिपोर्ट के नाम पर मांग रहे थे पैसे
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली में नगर निगम (MCD) के अधिकारियों की मनमानी और भ्रष्टाचार पर लगाम कसते हुए सीबीआई ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीबीआई ने शाहदरा ज़ोन में तैनात एक असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और उसके एक सहयोगी कर्मचारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
यह पूरी कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर शुरू हुई। आरोप है कि शाहदरा ज़ोन में तैनात असिस्टेंट इंजीनियर और उसके मातहत कर्मचारी ने एक व्यक्ति से उसकी बिल्डिंग से जुड़ी ‘क्लोजर रिपोर्ट’ तैयार करने के बदले 2 लाख रुपये की मांग की थी। जूनियर इंजीनियर (JE) और असिस्टेंट इंजीनियर की मिलीभगत से यह सौदा तय किया गया था।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने सोमवार को ही मामला दर्ज कर लिया था और आरोपियों को पकड़ने के लिए रणनीतिक जाल बिछाया। जैसे ही असिस्टेंट इंजीनियर और कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम थामी, पहले से घात लगाकर बैठे सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। एजेंसी ने बुधवार को इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की।
सीबीआई की यह कार्रवाई दिल्ली नगर निगम के उन अधिकारियों के लिए बड़ी चेतावनी है जो आम जनता के काम रोकने और उन्हें परेशान करने के बदले मोटी रकम की डिमांड करते हैं। फिलहाल, सीबीआई दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

