Orai/Jalaun News: रिश्वतखोरी पर सीबीआई का एक्शन, उरई में 2500 रुपये लेते रंगेहाथ पकड़े गए दो पोस्टमास्टर
Orai/Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लखनऊ से आई सीबीआई की टीम ने एट डाकघर और कोंच पोस्ट ऑफिस में छापेमारी कर दो शाखा डाकपालों और एक डाक निरीक्षक (इन्स्पेक्टर) को रिश्वत के खेल में गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई एक पोस्टमैन की शिकायत पर की गई, जिसे ट्रांसफर के बाद रिलीव करने के नाम पर परेशान किया जा रहा था।
एट डाकघर में तैनात पोस्टमैन कृष्ण कुमार का तबादला बिहार के पटना के लिए हुआ था। नियम के मुताबिक उन्हें रिलीव किया जाना था, लेकिन कोंच के डाक निरीक्षक प्रतीक भार्गव ने उन्हें कार्यमुक्त करने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। कृष्ण कुमार पहले ही 5 हजार रुपये दे चुके थे, लेकिन बाकी के 10 हजार रुपये के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। इस भ्रष्टाचार से तंग आकर उन्होंने सीबीआई लखनऊ में इसकी गुहार लगाई।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने कृष्ण कुमार के साथ मिलकर एक योजना बनाई। योजना के मुताबिक, कृष्ण कुमार ने डाक निरीक्षक से कहा कि वह अभी केवल 2500 रुपये दे पाएंगे। डाक निरीक्षक प्रतीक भार्गव ने वह पैसे अकोढ़ी के शाखा डाकपाल सुमित यादव को देने को कहा। मंगलवार को जैसे ही कृष्ण कुमार ने सुमित यादव को पैसे दिए (उनके साथ चंदुर्रा के डाकपाल आमिर खान भी मौजूद थे), वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठी सीबीआई टीम ने दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार डाकपालों के बयान के आधार पर सीबीआई टीम मुख्य डाकघर कोंच पहुंची। वहां टीम को देखते ही डाक निरीक्षक प्रतीक भार्गव घबरा गए और खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद वह बाहर निकले, जिसके बाद टीम उन्हें अपने साथ लखनऊ ले गई। कोंच के पोस्ट मास्टर विनोद कुमार ने बताया कि अचानक सीबीआई के अधिकारी आए और डाक निरीक्षक को अपने साथ ले गए। इस अचानक हुई कार्रवाई से डाक विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सीबीआई अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि इस रैकेट की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Also Read: Lucknow News: संजय निषाद ने अपने बयान पर मांगी माफी, बोले- हंसी-मजाक में कही थी बात

