CBI ने 13 साल बाद विदेश से पकड़ा भगोड़ा अपराधी, हत्या के मामले में काट रहा था सजा
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक कुख्यात अपराधी मेनपाल ढिल्ला उर्फ सोनू कुमार को कंबोडिया से पकड़कर भारत वापस ले आई है। मेनपाल ढिल्ला हरियाणा पुलिस को कई गंभीर मामलों में वांटेड था।
मेनपाल को हत्या, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश के मामलों में 29 अप्रैल, 2013 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह हिसार सेंट्रल जेल में अपनी सजा काट रहा था। 17 जुलाई, 2018 को वह छह सप्ताह के पैरोल पर बाहर आया, लेकिन 29 अगस्त, 2018 को उसे वापस जेल लौटना था। मेनपाल वापस नहीं लौटा और तब से फरार था।
इंटरपोल की मदद से हुई गिरफ्तारी
हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर, सीबीआई ने 6 नवंबर, 2024 को इंटरपोल के माध्यम से मेनपाल ढिल्ला के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया। सीबीआई को पता चला कि वह थाईलैंड से कंबोडिया गया है और ‘सोनू कुमार’ के फर्जी नाम से यात्रा कर रहा है। इसके बाद, सीबीआई ने कंबोडिया के अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया और 26 मार्च, 2025 को उसकी गिरफ्तारी के लिए अनुरोध भेजा।
कंबोडियाई अधिकारियों ने 24 जुलाई, 2025 को उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की और उसे भारतीय अधिकारियों को सौंपने का फैसला किया। 2 सितंबर को हरियाणा पुलिस की एक टीम कंबोडिया गई और उसे सफलतापूर्वक भारत वापस ले आई। सीबीआई, जो भारत में इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में काम करती है, पिछले कुछ सालों में 100 से ज्यादा भगोड़े अपराधियों को विदेश से भारत लाने में सफल रही है।
Also Read: Varanasi News: जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

