टैक्स चोरी के भगोड़े हर्षित जैन को CBI ने UAE से पकड़ा, गुजरात पुलिस के हवाले किया
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दुबई में छिपे भगोड़े अपराधी हर्षित बाबूलाल जैन को पकड़कर भारत वापस ले आई है। आरोपी को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से प्रत्यर्पित कर अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुजरात पुलिस को सौंपा गया।
हर्षित जैन टैक्स चोरी, अवैध जुआ और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में गुजरात पुलिस को वांछित था। गुजरात पुलिस के अनुरोध पर, सीबीआई ने पिछले साल 9 अगस्त 2023 को इंटरपोल से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था, जिसके बाद दुनिया भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियाँ उस पर नज़र रख रही थीं।
भारत में इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के तौर पर काम करने वाली सीबीआई, देश की अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसे भगोड़े अपराधियों को वापस लाने का काम करती है। पिछले कुछ सालों में 100 से ज्यादा ऐसे वांछित अपराधियों को इंटरपोल की मदद से भारत लाया जा चुका है।
उत्तर प्रदेश में CBI का एक्शन
इसी बीच, सीबीआई ने एक और कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के संभल जिले की चंदौसी शाखा में स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक और एक फील्ड ऑफिसर को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
दोनों अधिकारी एक शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहे थे, जिसने अपनी बहन के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना’ के तहत ऋण के लिए आवेदन किया था। शिकायतकर्ता की बहन को 2.70 लाख रुपये का लोन स्वीकृत हुआ था, जिसमें से बाकी की राशि जारी करने के लिए ये अधिकारी रिश्वत मांग रहे थे। जांच में पाया गया कि फील्ड ऑफिसर ने 35 हजार रुपये की मांग की थी, जिसे बाद में बैंक प्रबंधक की मिलीभगत से 30 हजार रुपये कर दिया गया था।
Also Read: Meerut News: ऑपरेशन शस्त्र की बड़ी कामयाबी, दो असलहा तस्कर मुठभेड़ में घायल, तीन गिरफ्तार

