सीबीआई ने अकील अख्तर हत्या मामले में पूर्व डीजीपी और पूर्व मंत्री समेत चार पर दर्ज किया मुकदमा
Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा की राजनीति और पुलिस महकमे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने 6 नवंबर, 2025 को अक़ील अख्तर हत्या मामले में FIR दर्ज कर ली है। इस मामले में मृतक अक़ील अख्तर के परिवार के चार लोगों उनके पिता एवं पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा, उनकी मां एवं पंजाब की पूर्व लोक निर्माण मंत्री रज़िया सुल्ताना, अक़ील की पत्नी और उनकी बहन को नामजद किया गया है।
पंचकूला के सेक्टर-4, मांसा देवी मंदिर के पास रहने वाले अक़ील अख्तर की मौत 16 अक्टूबर, 2025 को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। सूत्रों के अनुसार, मृतक और उनके परिवार के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। इस तनाव की जड़ 27 अगस्त को अक़ील अख्तर द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में निहित थी। अक़ील ने इस वीडियो में अपने पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंधों का गंभीर आरोप लगाया था।
वीडियो में अक़ील ने यह भी दावा किया था कि उनकी मां, बहन और पूरा परिवार उनके खिलाफ साज़िश रच रहा है और उन्हें झूठे मामले में फंसाने या उनकी हत्या करने की योजना बना रहा है। यह मामला पहले पंचकूला के मांसा देवी कॉम्प्लेक्स थाने में दर्ज था, लेकिन हरियाणा सरकार ने इसकी गंभीरता को देखते हुए जाँच CBI को सौंप दी थी।
CBI ने अब भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) और 61 के तहत मामला दर्ज कर जाँच अपने हाथ में ले ली है। जब परिवार के भीतर ही इतने बड़े आरोप लगें, और मामला पूर्व DGP और मंत्री के बेटे की संदिग्ध मौत का हो, तो साफ़ है कि CBI की जाँच की दिशा क्या होने वाली है। यह मामला अब पंजाब और हरियाणा की राजनीति में बड़ा भूचाल ला सकता है।
Also Read: Lucknow News: इंदिरा नगर में हेलमेट चोरों का गिरोह सक्रिय, अधिवक्ता का हेलमेट ले उड़े चोर

