Anil Ambani पर CBI की बड़ी कार्रवाई, ₹17,000 करोड़ बैंक घोटाले में छापेमारी
Sandesh Wahak Digital Desk: मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार सुबह सीबीआई ने ₹17,000 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबानी से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे सीबीआई की टीम कफ परेड स्थित सीविंड अपार्टमेंट पहुंची और उनके घर की तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान अनिल अंबानी और उनका परिवार घर पर ही मौजूद था।
ईडी पहले ही कर चुका है पूछताछ
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी अनिल अंबानी से पूछताछ कर चुका है। ईडी ने जुलाई में रिलायंस ग्रुप से जुड़ी लगभग 50 कंपनियों और 25 व्यक्तियों के ठिकानों पर छापे मारे थे। मुंबई में ही करीब 35 जगहों पर हुई इस छापेमारी ने पूरे मामले को और ज्यादा तूल दे दिया था। ईडी की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे। इनमें बिना जांचे-परखे कंपनियों को लोन जारी करना, एक ही पते या डायरेक्टर वाली कंपनियों को करोड़ों का कर्ज देना, लोन फाइलों में जरूरी दस्तावेजों की कमी, शेल कंपनियों के नाम पर लोन मंजूरी और एक लोन को चुकाने के लिए दूसरा लोन लेने जैसी गंभीर अनियमितताएं शामिल थीं।
यस बैंक से जुड़ा है पूरा मामला
यह पूरा मामला वित्त वर्ष 2017-2019 के बीच का है। आरोप है कि यस बैंक ने अनिल अंबानी की कंपनियों को बड़े पैमाने पर लोन जारी किया था। सूत्रों का दावा है कि इन लोन को मंजूरी देने से पहले ही यस बैंक के प्रमोटर्स को भारी रकम दी गई थी। यही वजह है कि अब रिश्वत और कारोबारी रिश्तों की जांच भी तेज हो गई है। छापेमारी से पहले सीबीआई ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की थीं। इन्हीं एफआईआर के आधार पर अब तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Also Read: दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने अपनी मौत की अफवाह पर पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

