दीपावली को अनुराग और हर्षोल्लास की परिधि में मनाएं: शीतल सिंह
Sandesh Wahak Digital Desk: जिला एकीकरण समिति सिद्धार्थनगर द्वारा जिला पंचायत सभागार में दीपावली पर्व के संदर्भ में एकीकरण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान, वक्ताओं ने जनपद वासियों से भारतीय संस्कृति के इस महत्वपूर्ण पर्व को आपसी सद्भाव, शांति और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिला एकीकरण समिति की अध्यक्ष शीतल सिंह ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने जनपद वासियों को दीपावली की पूर्व शुभकामनाएं देते हुए कहा “दीपावली का त्यौहार अनुराग व हर्षोल्लास की परिधि में मनाएं। यह त्यौहार बुराई पर अच्छाई, अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि यह पर्व छोटे-बड़े, अमीर-गरीब का भेद भुलाकर आपसी प्रेम व एकजुटता से मनाया जाना चाहिए।
पटाखों और बुराई से बचने की अपील
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) एवं जिला एकीकरण समिति के सदस्य सचिव बलराम सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि दीपावली का त्यौहार सभी के जीवन में खुशी लाता है। उन्होंने सावधान करते हुए कहा “हमें इस अवसर पर प्रत्येक बुराई से बचना चाहिए। पटाखे सावधानीपूर्वक छोड़ना चाहिए। इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि हमारे किसी भी कार्य एवं व्यवहार से किसी को भी दुख न पहुंचे, तभी दीपावली का त्यौहार मनाया जाना सार्थक होगा।”
उन्होंने इको फ्रेंडली दीपावली मनाने पर जोर दिया और मिट्टी के दीपक तथा स्वदेशी निर्मित पकवान, मिठाई और रोशनी का उपयोग करने की सलाह दी।
तेज ध्वनि विस्तारक और पॉलीथिन के प्रयोग से बचें
विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल और अध्यक्ष प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह ने भी लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से तेज ध्वनि विस्तारक डीजे व अन्य प्रदूषणकारी यंत्रों के साथ-साथ पॉलीथिन के प्रयोग से बचने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. ए.के. अग्रहरि, खंड शिक्षा अधिकारी एस.के. शुक्ला, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दुबे, श्रीधर पांडे (सचिव, गौतम बुद्ध जागृति समिति) समेत तमाम लोगों ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में लालता प्रसाद, अशोक वर्मा, इंजीनियर आरबी सिंह, नित्यानंद समेत तमाम लोग और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जाकिर खान

