भारत में गंभीर चुनौती बनता जा रहा है Cervical Cancer
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत में सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी और गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। एम्स नई दिल्ली के आंकड़ों के मुताबिक इस बीमारी के कारण हर आठ मिनट में एक महिला की मौत हो जाती है। चिंता की बात यह है कि यह ऐसा कैंसर है, जिसे समय पर जांच और वैक्सीनेशन के जरिए काफी हद तक रोका और काबू में किया जा सकता है, लेकिन जागरूकता की कमी और देर से जांच के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं इसकी चपेट में आ रही हैं।
क्या है Cervical Cancer?
सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) महिलाओं की सर्विक्स यानी गर्भाशय के निचले हिस्से में होता है। यह मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस यानी HPV संक्रमण के कारण फैलता है। यह संक्रमण आमतौर पर यौन संबंध के दौरान एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में पहुंचता है। इस बीमारी की सबसे बड़ी परेशानी यह है कि शुरुआती दौर में इसके लक्षण अक्सर दिखाई नहीं देते हैं और अगर कुछ हल्के लक्षण होते भी हैं तो महिलाएं उन्हें नजरअंदाज कर देती हैं। इसी वजह से बहुत से मरीज तब डॉक्टर के पास पहुंचते हैं, जब बीमारी अंतिम स्टेज में पहुंच चुकी होती है और इलाज कठिन हो जाता है।
AIIMS की पहल: महिलाओं के लिए फ्री स्क्रीनिंग
इस गंभीर खतरे से निपटने के लिए एम्स नई दिल्ली ने एक बड़ी पहल की है। जनवरी महीने भर के लिए एम्स ने महिलाओं के लिए फ्री सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा शुरू की है। इसके तहत महिलाएं एम्स आकर बिना किसी शुल्क के अपने जरूरी टेस्ट करा सकती हैं। सभी जांच विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO के प्रोटोकॉल के अनुसार की जा रही हैं, ताकि जांच की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनी रहे।
एम्स में सिर्फ जांच ही नहीं बल्कि फॉलो-अप केयर और जरूरत पड़ने पर वैक्सीनेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। 30 से 65 वर्ष की उम्र की महिलाओं को सोमवार से शुक्रवार तक यह सुविधा दी जा रही है। महिलाओं को एम्स पहुंचकर सबसे पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराना होता है, इसके बाद डॉक्टर उनकी मेडिकल हिस्ट्री लेते हैं और उसी के अनुसार जरूरी टेस्ट कराए जाते हैं।
समय पर जांच क्यों है जरूरी?
एम्स के मुताबिक अगर सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) की पहचान शुरुआती चरण में हो जाए तो इस बीमारी को आसानी से काबू में किया जा सकता है। पैप स्मीयर या HPV टेस्ट अगर समय रहते कर लिया जाए तो कैंसर से होने वाली गंभीर समस्याओं और मौत के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यही वजह है कि डॉक्टर नियमित जांच को बेहद जरूरी मानते हैं।
एम्स नई दिल्ली के भीतर स्थित IRCH कैंसर सेंटर में यह सभी जांच की जा रही हैं। यहां रोज सुबह नौ बजे से दोपहर तक महिलाओं के टेस्ट किए जाते हैं। इसके साथ ही HPV वैक्सीन की डोज भी निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि भविष्य में इस बीमारी के खतरे को और कम किया जा सके।

