लखनऊ में चेन स्नैचर गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, कई घटनाओं का खुलासा
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में पुलिस कमिश्नरेट की सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने चेन स्नैचिंग करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनसे सोने की चेन और घटना में इस्तेमाल की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
इस तरह से पकड़े गए आरोपी
पुलिस को लंबे समय से दक्षिणी जोन में चेन स्नैचिंग की कई घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद, पुलिस ने मैनुअल और तकनीकी सबूतों के आधार पर जांच शुरू की। मंगलवार को, पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बसीर अली, सुमित सिंह, अरमान गिरि और सुधीर कुमार को उतराठिया रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अकेले जा रही महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे आर्थिक लाभ के लिए दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर घटना को अंजाम देते थे। पकड़े जाने के डर से, वे गाड़ियों की नंबर प्लेट हटा देते थे या मिटा देते थे।

कई वारदातों का हुआ खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कई घटनाओं का खुलासा किया है, जिनमें शामिल हैं:
- 10 जून 2025: भागीरथी एन्क्लेव के पास एक महिला से चेन लूटी गई।
- 27 जुलाई 2025: संतुष्टि एन्क्लेव में एक महिला से चेन लूटी गई।
- 2 सितंबर 2025: प्रधानमंत्री आवास, सेक्टर-7 में एक महिला से चेन छीनी गई।
- 22 सितंबर 2025: गोमती एन्क्लेव में एक महिला से चेन छीनी गई।
इसके अलावा, पीजीआई और कृष्णानगर थाना क्षेत्रों में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 सोने की चेन, 2 सोने के टुकड़े और 4 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस उपायुक्त, दक्षिणी, ने इस टीम की सराहना करते हुए ₹10,000 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
Also Read: इलाहाबाद हाईकोर्ट का अहम फैसला, फर्जी धर्म परिवर्तन से हुई शादी अवैध

