‘Chairman अखिलेश और CEO शिवपाल’, सीएम योगी ने बताया सपा के PDA का नया ‘फुल फॉर्म’, दी ये सलाह

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। एक निजी चैनल के कॉन्क्लेव में बोलते हुए सीएम योगी ने न केवल अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाए, बल्कि उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती भी दे डाली।

‘शुद्ध नीयत होती तो केदारेश्वर मंदिर जरूर जाता’

इटावा में अखिलेश यादव द्वारा बनवाए जा रहे केदारेश्वर मंदिर के सवाल पर सीएम ने कहा, देर आए दुरुस्त आए, कम से कम मंदिर तो बनवा रहे हैं। लेकिन यदि नीयत शुद्ध होती तो मैं निमंत्रण पर अवश्य जाता। उन्होंने आगे चुनौती देते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अब श्रीकृष्ण जन्मभूमि के भव्य निर्माण के लिए भी आगे आना चाहिए, जिससे उन्हें जनता की प्रशंसा मिलेगी।

PDA पर तंज: ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’

विपक्ष के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे को मुख्यमंत्री ने अवसरवाद का नमूना करार दिया। उन्होंने इसका नया अर्थ बताते हुए कहा “परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी”। ‘इसके चेयरमैन अखिलेश यादव हैं, शिवपाल यादव CEO और रामगोपाल यादव वाइस चेयरमैन। इसमें महाभारत के सारे रिश्ते मौजूद हैं और बाकी जगह भाई-भतीजों के लिए आरक्षित है।‘

अखिलेश को सलाह: ‘संघ की शाखा में जाएं’

अखिलेश यादव की जीवनशैली पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “अखिलेश जी दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं। उन्हें आरएसएस (RSS) की शाखाओं में जाना चाहिए। वहां जाने से उन्हें समय पर जागने की आदत हो जाएगी और सामान्य आचार-नियमों की जानकारी भी मिलेगी, जो उनके और उनकी पार्टी के हित में होगा।”

2027 का लक्ष्य: ‘2022 से भी बड़ी जीत’

आगामी विधानसभा चुनावों पर आत्मविश्वास जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा 2027 में भाजपा 2022 से भी अधिक सीटें जीतकर ‘डबल इंजन’ की सरकार बनाएगी। सरकार ने यूपी को टेक्नोलॉजी (Technology), ट्रस्ट (Trust) और ट्रांसफॉर्मेशन (Transformation) से जोड़ा है। बिहार में जो स्थिति कांग्रेस और राजद की हुई, वही दुर्गति 2027 में यूपी में सपा और कांग्रेस की होगी।

राष्ट्रवाद और सुहेलदेव का गौरव

सीएम ने वंदे मातरम और राष्ट्र प्रतीकों के अपमान को ‘राष्ट्रद्रोह’ करार दिया। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे महाराजा सुहेलदेव का सम्मान करने के बजाय ‘गाजी’ का महिमामंडन करते हैं। उन्होंने गर्व जताया कि भाजपा सरकार ने बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक और आजमगढ़ में विश्वविद्यालय बनाया है।

Also Read: UP प्रशासनिक फेरबदल: 6 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, देखिए पूरी लिस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.