कुर्सियां टूटीं, बोतलें फेंकी… कोलकाता में लियोनेल मेसी के फैंस का बवाल, स्टेडियम में बिगड़ी व्यवस्था
Sandesh Wahak Digital Desk: अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी इन दिनों तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं।
दौरे की शुरुआत कोलकाता से हुई, जहां वे संयुक्त राष्ट्र के बाल संगठन यूनिसेफ (UNICEF) के ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर ‘GOAT इंडिया टूर’ के तहत सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे।
मेसी की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही हजारों फैंस स्टेडियम के बाहर और अंदर जुटे थे, लेकिन कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्थाओं के चलते हालात बेकाबू हो गए और स्टेडियम में जमकर हंगामा देखने को मिला।

मेसी की झलक के लिए फैंस बेकाबू
सॉल्ट लेक स्टेडियम में मेसी के प्रति फैंस का उत्साह चरम पर था। इसी बीच कई फैंस बैरिकेडिंग पर चढ़ने की कोशिश करते नजर आए। हालात बिगड़ने पर कुछ दर्शक भड़क गए और स्टेडियम के भीतर कुर्सियां और पानी की बोतलें फेंकी जाने लगीं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा और प्रबंधन में खामियों के चलते फैंस का गुस्सा फूटा। वहीं, कुछ लोग इस बात से भी नाराज थे कि लियोनल मेसी मैदान में कुछ ही देर रुककर वापस चले गए।
हालात बिगड़े, सुरक्षा बढ़ाई गई
स्थिति के तेजी से बिगड़ने के बाद स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मेसी ने अन्य वीवीआईपी के साथ स्टेडियम से वापस लौटने का फैसला किया।
बताया जा रहा है कि वे 10 मिनट से भी कम समय के लिए स्टेडियम के भीतर मौजूद रहे। कई ऐसे फैंस, जिन्होंने मेसी को देखने के लिए घंटों इंतजार किया और 2,000 से 10,000 रुपये तक खर्च किए थे, उन्हें सुपरस्टार की एक झलक भी नहीं मिली, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
जैसे ही यह साफ हुआ कि कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ेगा, स्टेडियम में जोरदार हूटिंग शुरू हो गई। गुस्साए फैंस ने निचले हिस्से की बैरिकेडिंग तोड़ दी और मैदान में घुस गए।
इस दौरान बार पोस्ट को नुकसान पहुंचाने की भी खबर है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
फिलहाल, हालात पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस घटना ने मेसी के स्वागत को लेकर की गई व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: ICC और जियोस्टार का रिश्ता बरकरार, T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अटकलों पर लगा विराम


