चमोली टनल हादसा: सुरंग के भीतर आपस में टकराईं दो लोको ट्रेनें, 60 मजदूर घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: देवभूमि के चमोली जिले में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी (THDC) की जल विद्युत परियोजना की साइट पर शिफ्ट बदलने के दौरान मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनें (Loco Trains) आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टनल के भीतर अफरा-तफरी मच गई और करीब 60 श्रमिक चोटिल हो गए।

जानकारी के अनुसार, अलकनंदा नदी पर बन रही 444 मेगावाट की इस परियोजना की सुरंग के अंदर खुदाई और निर्माण का काम चल रहा था। रात में जब मजदूरों की शिफ्ट बदली जा रही थी, तभी टनल बोरिंग मशीन (TBM) साइट के पास दो लोको ट्रेनें आमने-सामने आ गईं। इन ट्रेनों का इस्तेमाल मजदूरों और भारी मशीनों को टनल के भीतर लाने-ले जाने के लिए किया जाता है।

हादसे के वक्त सुरंग में करीब 100 मजदूर मौजूद थे। जिला प्रशासन के मुताबिक गोपेश्वर जिला अस्पताल में 42 घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है। वहीं 17 घायलों को पीपलकोटी के विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। ये मजदूर मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और ओडिशा के रहने वाले हैं।

अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने न केवल रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की, बल्कि अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात भी की। जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को निर्देश दिए हैं कि इलाज में कोई कोताही न बरती जाए और घायलों के परिजनों को भी सूचित किया जा रहा है।

परियोजना स्थल पर हुए इस हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि मौके पर सुरक्षा अधिकारियों को तैनात किया गया है और जांच की जा रही है कि एक ही ट्रैक पर या एक ही समय में दो ट्रेनें कैसे आ गईं। अधिकारियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को और कड़ा करने की बात कही है।

Also Read: Varanasi News: चिल्ड्रन प्रीमियर लीग 2025 सीआईएमएस ट्राफी का भव्य समापन, स्वामी विवेकानंद टीम बनी चैंपियन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.