अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा विवाद: चंपत राय SIT की फाइनल रिपोर्ट के बाद मीडिया में देंगे जवाब
Ayodhya News: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में सबसे अधिक सवाल जिस एक नाम को लेकर उठ रहे थे, वह हैं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय। विवाद गहराने के बाद उन्होंने नैतिकता का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी अपने पद से इस्तीफा दिया है।
कैसे बढ़ा मामला, कब दिया इस्तीफा
शुरुआत में चंपत राय ने चोरी जैसे आरोपों का खंडन किया था, लेकिन जैसे-जैसे मामले ने तूल पकड़ा और एसआईटी जांच शुरू हुई, नई-नई चीजें सामने आईं। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके एक दिन बाद ही चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।
खबरों के अनुसार, एफआईआर में चंपत राय का नाम नहीं होने के बावजूद विपक्ष ने खूब सवाल उठाए। इसी बीच चंपत राय के करीबी और पूर्व ड्राइवर रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू सहित आठ लोगों की गिरफ्तारी हुई, जिसके बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया।
एसआईटी रिपोर्ट के बाद मीडिया में आएंगे चंपत राय
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चंपत राय चढ़ावा चोरी विवाद में मीडिया के सामने तब आएंगे, जब एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट सामने आ जाएगी। बताया गया कि वे अभी अपनी मर्यादा का पालन कर रहे हैं और एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद वे सारे तथ्यों के साथ मीडिया के सामने आएंगे और हर सवाल का जवाब देंगे।
फूट-फूट कर रोए चंपत राय के शिष्य
इस बीच चंपत राय के एक शिष्य नरेश चौहान ने उन पर लगे आरोपों पर फूट-फूट कर रोते हुए कहा कि देश के किसी शंकराचार्य में दाग हो सकता है, लेकिन चंपत राय में नहीं। नरेश चौहान ने बताया कि चंपत राय आपातकाल के दौरान 18 महीने तक जेल में रहे और समाज के लिए अपना पूरा परिवार छोड़ दिया।
किन-किन पर दर्ज हुई FIR
ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की तहरीर पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष कुमार यादव पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और इनमें से कुछ के घरों से करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
Also Read: RLD महासचिव त्रिलोक त्यागी पर SC-ST एक्ट में केस दर्ज , मथुरा बयान से मचा विवाद

