Lucknow News: चंदन गुप्ता हत्याकांड के दोषी सलीम शेख की मौत, KGMU में चल रहा था इलाज

Lucknow News: कासगंज में 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा के दौरान हुए चंदन गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी सलीम शेख की लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में इलाज के दौरान मौत हो गई है। सलीम को आजीवन कारावास की सज़ा मिली थी। मौत की ख़बर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया और परिजन शव लेने के लिए लखनऊ रवाना हो गए हैं।

जेल प्रशासन ने बताया कि सलीम लंबे समय से किडनी की बीमारी से परेशान था और डायलिसिस पर चल रहा था। इसी वजह से उसे कुछ समय पहले कासगंज से लखनऊ जेल में शिफ़्ट किया गया था। सलीम एक महीने पहले ही पैरोल पर घर आया था। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव देर शाम तक कासगंज पहुँच जाएगा।

क्या है चंदन गुप्ता हत्याकांड

26 जनवरी, 2018 को कासगंज शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी, जिसका नेतृत्व अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन गुप्ता कर रहे थे। उसी दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में दंगे में बदल गया। इसी दौरान गोली लगने से चंदन गुप्ता की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद शहर में 7 दिनों तक तनाव बना रहा था। मामले की सुनवाई के बाद लखनऊ स्पेशल एएनआई कोर्ट ने 28 आरोपियों को दोषी ठहराया था, जिन्हें अब लखनऊ जेल में सज़ा काट रहे हैं। सलीम की मौत के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

Also Read: Meerut News: जीएसटी चोरी में चीनी महिला समेत दो गिरफ्तार, कोर्ट में छिपाते रहे चेहरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.